सावन में नहीं सताएगी भीषण गर्मी, बारिश और काले बादलों से कांवरिया पथ पर मिलेगी राहत

Sawan Weather 2026: सावन की शुरुआत के साथ मौसम ने करवट ली है, जिससे भागलपुर में भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. कांवरिया पथ पर भक्तों को आराम मिलेगा और किसानों के लिए भी यह मौसम खुशखबरी लेकर आया है.

Sawan Weather 2026: भागलपुर. सावन की शुरुआत के साथ मौसम भी पूरी तरह करवट लेता दिख रहा है. कभी तेज धूप तो कभी घने काले बादल और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार सावन के अधिकांश दिनों में बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला बना रहेगा. इसका सबसे बड़ा फायदा सुल्तानगंज से देवघर तक के कांवरिया पथ पर जल लेकर पैदल चलने वाले लाखों शिवभक्तों को मिलेगा, जिन्हें पिछले वर्षों की तरह भीषण गर्मी का सामना कम करना पड़ सकता है.

कांवरिया पथ पर बारिश से मिलेगी राहत, प्रशासन भी सतर्क

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम तक पैदल जाने वाले कांवरियों के लिए मौसम राहत भरा रहने की उम्मीद है. बारिश और बादलों की वजह से कच्चे व पक्के कांवरिया पथ पर तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा, जिससे लंबी पैदल यात्रा आसान हो सकती है.

हालांकि प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों ने यह भी सलाह दी है कि बारिश के दौरान फिसलन वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतें. कांवरिया पथ पर जगह-जगह चिकित्सा शिविर, पेयजल और विश्राम स्थलों की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.

बदलते मौसम से किसानों के चेहरे खिले

शनिवार देर रात चली ठंडी हवा और रविवार को हुई बारिश से किसानों को भी बड़ी राहत मिली है. कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब धान की रोपनी में तेजी से जुट गए हैं.

खेतों में पहले से तैयार बिचड़ा अब रोपाई के लिए उपयुक्त हो चुका है. लगातार नमी मिलने से खेती-किसानी की गतिविधियां तेज होने लगी हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है.

मौसम बदलने से बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानी

एक ओर बारिश राहत लेकर आई है तो दूसरी ओर लगातार बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है. तापमान और नमी में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

विशेष रूप से उच्च रक्तचाप (बीपी) के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

शहर के वरीय फिजिशियन डॉ. विनय कुमार झा के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव के कारण बीपी में उतार-चढ़ाव की समस्या बढ़ सकती है. उन्होंने लोगों को नियमित रूप से बीपी की जांच कराने, डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेने और बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा नहीं बदलने की सलाह दी है.

उन्होंने यह भी कहा कि सर्दी-खांसी या बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए. साथ ही ठंडा पानी और अत्यधिक ठंडे पेय पदार्थों से फिलहाल परहेज करना बेहतर रहेगा.

Sawan Weather 2026: सावन में मौसम रहेगा सुहाना

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सावन के दौरान बारिश की अच्छी संभावना बनी हुई है. बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में होने वाली वर्षा से मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा.

इसका लाभ न केवल किसानों और आम लोगों को मिलेगा, बल्कि सुल्तानगंज-देवघर कांवरिया पथ पर जलाभिषेक के लिए निकलने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक आरामदायक और सुरक्षित होने की उम्मीद है.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >