तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय चौक के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध अपराधकर्मियों को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. दोनों शातिर इलाके में किसी गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई.
गुप्त सूचना पर एसएसपी के निर्देश में बनी विशेष टीम
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव के सख्त निर्देश पर जिले भर में अवैध शराब, आर्म्स, मादक पदार्थों और चोरी-छिनतई वाले हॉट स्पॉट पर सघन गश्ती व छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
इसी अभियान के क्रम में 18 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय चौक पर कुछ अपराधकर्मी हथियारों से लैस होकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं.
सिटी एसपी की निगरानी में सराय चौक पर हुई घेराबंदी
सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) अतुलेश झा की सघन निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) और तातारपुर थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से किया. गठित टीम ने सूचना का त्वरित सत्यापन करते हुए सराय चौक में छापेमारी की. इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपितों को पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया.
देसी कट्टा, बाइक और मोबाइल जब्त; दोनों नाथनगर के निवासी
गिरफ्तार अपराधियों की शिनाख्त नाथनगर थाना क्षेत्र के अनाथालय रोड निवासी अमन कुमार उर्फ अमर यादव (पिता- राजेश यादव) और नितिश कुमार (पिता- भोला प्रसाद यादव) के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई बाइक और मोबाइल का इस्तेमाल अपराध की योजना बनाने और रेकी करने में किया जा रहा था.
पूछताछ जारी, छापेमारी दल में ये जांबाज रहे शामिल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपितों से कड़ाई से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है. मामले में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस सफल छापेमारी दल में तातारपुर के पुनि सह थानाध्यक्ष विनोद कुमार, पुअनि मंजीत कुमार, सिपाही विंध्याचल पासवान, बादल कुमार सहित तातारपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान पूरी मुस्तैदी से शामिल रहे.