Bhagalpur news हड़ताली सफाइकर्मियों के कारण सफाई व्यवस्था चरमरायी

नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था हड़ताल के कारण चौपट हो गई है.

नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था हड़ताल के कारण चौपट हो गई है. नगर परिषद के सफाई एनजीओ सुगम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सफाइकर्मियों के साथ मारपीट और काम में व्यवधान पैदा करने के मामलों को लेकर नप कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने थाने में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. आवेदन में बताया कि सफाई कर्मी 24 दिसंबर से बकाया वेतन और ईपीएफ भुगतान को लेकर हड़ताल पर हैं. वार्ता के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया था कि बकाया भुगतान कराया जाएगा, बावजूद हड़ताल जारी है. वर्तमान एजेंसी सुगम इंडिया सोसाइटी ने वैकल्पिक व्यवस्था कर दूसरे स्थान से मजदूर लाकर सफाई कार्य शुरू कराया, लेकिन हड़ताली सफाई कर्मी और कुछ असामाजिक तत्व मिलकर उन्हें काम करने से रोक रहे हैं और डराया-धमकाया जा रहा है. इस कारण मजदूर डर के मारे कार्य करने में असमर्थ हैं. नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर सुरक्षा प्रदान करने को लेकर अनुरोध किया गया है. नप स्टैंडिंग कमेटी सदस्य संजय कुमार चौधरी ने बताया कि पिछले आठ दिनों से सफाई व्यवस्था ठप है. 30 दिसंबर को मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू, ईओ और स्वच्छता पदाधिकारी के साथ साढ़े पांच घंटा सफाइकर्मियों के साथ बैठक की थी. 31 दिसंबर को सफाई कर्मी विधायक आवास पर पहुंचे, जहां मुख्य पार्षद, ईओ और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य उनके साथ वार्ता की. आश्वासन दिया गया, बावजूद हडताल से सफाई कर्मी वापस नही आये. इस बीच सुगम इंडिया ने आठ अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाकर कार्य शुरू कराया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें भी डरा-धमकाकर रोक दिया. सुरक्षा को लेकर आवेदन कार्यालय स्तर से दिया गया है. नप मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बहाल करने के लिए प्रयास जारी हैं और जो अड़चने आ रही है, समाधान सुनिश्चित किया जाएगा. थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा दिए आवेदन पर मामले की जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >