भागलपुर सैंडिस कंपाउंड में बनेगा नया स्वीमिंग पूल: स्मार्ट सिटी ने निकाला 59.60 लाख का टेंडर, जानें बच्चों और नए तैराकों के लिए क्या होगी सुविधा

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. दूसरा स्विमिंग पूल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह 59.60 लाख रुपये की लागत से 6 महीने में बनकर तैयार होगा, जिसमें नौसिखिए तैराकों और बच्चों को सुविधा मिलेगी.

सिल्क सिटी के हृदय स्थल सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम परिसर में खेल प्रेमियों और तैराकी के शौकीनों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है. भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने सैंडिस कंपाउंड में दूसरे स्वीमिंग पूल के निर्माण की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 59 लाख 60 हजार 761 रुपये खर्च करने की योजना स्वीकृत की गई है. निर्माण एजेंसी के चयन के लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से औपचारिक निविदा (टेंडर) जारी कर दी गई है.

28 अक्तूबर तक टेंडर का मौका, 7 अक्तूबर को होगी प्री-बिड मीटिंग

स्वीमिंग पूल निर्माण के लिए जारी निविदा के अनुसार इच्छुक और योग्य एजेंसियां आगामी 28 अक्तूबर तक अपना टेंडर दाखिल कर सकेंगी. इसके बाद 29 अक्तूबर को तकनीकी व वित्तीय निविदा खोली जाएगी.

निविदा की शर्तों, तकनीकी बारीकियों और निर्माण मानकों पर चर्चा के लिए 7 अक्तूबर को प्री-बिड मीटिंग बुलाई गई है. एजेंसी चयन के साथ ही स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण रखने के लिए डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) की अवधि एक वर्ष निर्धारित की है. निर्माण पूर्ण होने के बाद यदि एक साल के अंदर कोई तकनीकी खराबी या निर्माण संबंधी खामी सामने आती है, तो चयनित एजेंसी को अपने खर्चे पर उसे सुधारना होगा.

मौजूदा परिसर में ही बनेगा नया पूल, छह माह की समय-सीमा तय

नया स्वीमिंग पूल सैंडिस कंपाउंड में पहले से संचालित स्वीमिंग पूल परिसर के भीतर ही खाली स्थान पर विकसित किया जाएगा. स्मार्ट सिटी प्रशासन ने निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए छह माह की सख्त समय-सीमा तय की है.

कार्य आवंटन पत्र (वर्क ऑर्डर) जारी होने की तिथि से छह महीने के भीतर एजेंसी को हर हाल में सिविल वर्क, वॉटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम और फिनिशिंग का कार्य पूरा कर हैंडओवर करना होगा.

10 प्रतिशत परफॉर्मेंस गारंटी और पीडब्ल्यूडी मानकों का पालन अनिवार्य

पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निविदा में सख्त वित्तीय शर्तें जोड़ी गई हैं. चयनित सफल एजेंसी को कार्य आवंटन के 15 दिनों के भीतर अनुबंध राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा परफॉर्मेंस गारंटी (सुरक्षा राशि) के रूप में जमा करना होगा.

इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्धारित नियमों और प्रारूप पर एकरारनामा कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किया जाएगा. कार्य के दौरान सभी तकनीकी और आधुनिक सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा.

3 से 4.5 फीट होगी गहराई, नए तैराकों व बच्चों को मिलेगी सहूलियत

नये स्वीमिंग पूल की गहराई 3 फीट से लेकर अधिकतम 4.5 फीट के बीच रखी जाएगी. कम गहराई होने के कारण यह पूल नौसिखिए तैराकों, बच्चों और अभ्यास करने वाले नए खिलाड़ियों के लिए बेहद सुरक्षित और सुविधाजनक साबित होगा.

वर्तमान में सैंडिस कंपाउंड के एकमात्र पूल पर तैराकों का भारी दबाव रहता है, खासकर गर्मियों के मौसम में स्लॉट की भारी किल्लत हो जाती है. दूसरे पूल के अस्तित्व में आ जाने से सैंडिस कंपाउंड में तैराकी का नया बुनियादी ढांचा तैयार होगा और शहरवासियों को एक साथ दो पूलों में स्विमिंग की आधुनिक सुविधा मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ब्रजेश नंदन माधुर्य

ब्रजेश नंदन माधुर्य प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. स्वच्छता व ई-कॉमर्स में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >