चुनाव में खर्च पर निगरानी, एप से रिपोर्टिंग और आचार संहिता उल्लंघन पर होगी त्वरित कार्रवाई

भागलपुर में मतदान की तैयारी.

मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने की चुनाव तैयारियों की समीक्षा, कहा-हर मतदान केंद्र पर लाइट, वॉलेंटियर्स और वेबकास्टिंग अनिवार्य

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मुख्य चुनाव पदाधिकारी, बिहार ने शनिवार को दूसरे चरण के मतदान वाले जिलों की समीक्षा बैठक की. बैठक में भागलपुर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, पुलिस अधीक्षक, नवगछिया प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने बताया कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रजाइडिंग एप पर विशेष बल दिया जा रहा है. मतदान केंद्रों से ही सीधे मोबाइल एप के माध्यम से मतों की संख्या दर्ज की जायेगी, जबकि जिला स्तर पर केवल डैशबोर्ड सुविधा उपलब्ध होगी.इसलिए सभी पीठासीन पदाधिकारियों को एप के उपयोग का समुचित प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि ऐप का प्रशिक्षण वीडियो तैयार कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साझा किया जाये. मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने कहा कि सभी प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर कड़ी निगरानी रखी जाये. इसके लिए एसएसटी टीमों को लगातार सक्रिय रहते हुए जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा इलेक्टरल रोल, डाक मत पत्र, सीसीटीवी कैमरा, स्ट्रांग रूम और वहां की व्यवस्था और मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा बल की तैनाती, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान जैसे विषयों पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की गयी.

इवीएम ट्रेनिंग और जनजागरूकता पर भी बल

मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने कहा कि इवीएम प्रशिक्षण से संबंधित वीडियो भी तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाये, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदान प्रक्रिया से अवगत हो सके. साथ ही छठ पर्व के दौरान जनसंपर्क के नये और रचनात्मक तरीकों से मतदान जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया.

मतदान केंद्रों पर लाइट, वालेंटियर्स और वेबकास्टिंग की रहेगी व्यवस्था

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो, ताकि देर शाम तक मतदान में कोई बाधा न आये. हर केंद्र पर वॉलेंटियर्स की नियुक्ति, वेबकास्टिंग की व्यवस्था और जिला स्तर पर वेबकास्टिंग कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया. सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा भी की गयी.

आदर्श आचार संहिता और सोशल मीडिया पर सख्ती बरतने का निर्देश

मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आचार संहिता के उल्लंघन और राजनीतिक हिंसा के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाये. उन्होंने कहा कि जिला सोशल मीडिया टीम को सक्रिय रखा जाये और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या गलत सूचना की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाये.

वाहनों में लगेगा जीपीएस, समय पर भुगतान का निर्देश

मतदान दिवस और सामग्री डिस्पैच करने वाले सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जायेगा, जिससे आवाजाही पर सतत निगरानी रखी जा सके. यह निर्देश मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने दी है. साथ ही कहा है कि वाहन मालिकों के भुगतान समय पर सुनिश्चित करने और शिकायत निवारण प्रणाली को सक्रिय रखेंगे. जिन क्षेत्रों में नेटवर्क कमजोर है, वहां का जीपीएस लोकेशन साझा करने और वैकल्पिक संचार व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >