bhagalpur news. कांट्रैक्टर का कांट्रैक्ट समाप्त, पीडब्ल्यूडी के शहरी रोड का मेंटनेंस कार्य ठप

भागलपुर की शहरी सड़कों का मेंटेनेंस ठप.

-12 साल से जिम्मेवारी संभाल रही एजेंसी अब नहीं करायेगा सड़क का निर्माण और रखरखाव कार्य

भागलपुर सिटी में पीडब्ल्यूडी की सभी सड़कों का मेंटेनेंस कार्य अचानक ठप पड़ गया है. लंबे समय तक सुचारू रूप से चल रहे मेंटेनेंस कार्य के बंद होने से शहरवासियों के लिए अब मुश्किलें खड़ी हो जायेगी. सड़क खराब होने स्थिति में भी इसका रखरखाव नहीं होगा. सड़क टूट जाने के बाद इस पर ही चलने की मजबूरी होगी. दरअसल,सात साल पहले पीडब्ल्यूडी ने सड़क बनाने और रखरखाव के लिए मुंगेर की एक एजेंसी निरंजन शर्मा को बहाल किया था. इस एजेंसी ने ओपीआरएमसी(आउटपुट एंड परफॉरमेंस बेस्ड रोड मेंटेनेंस कांट्रैक्ट) योजना के तहत सड़क निर्माण और रखरखाव कार्य को संभाला. सात साल तक सड़कें सही स्थिति में रहीं, लेकिन अब एजेंसी का वर्क पीरियड पूरा होने और एग्रीमेंट समाप्त होने के कारण कार्य रुक गया है.

शहर में कई प्रमुख सड़कों की नियमित मरम्मत नहीं होने से आने वाले समय में सड़कें खराब होने की आशंका बढ़ गयी है. इससे न केवल आवागमन मुश्किल होगा बल्कि शहरवासियों की सुरक्षा और सुविधा पर भी असर पड़ेगा.

पीडब्लयूडी की इन सड़कें के खराब होने का खतरा

1. घंटाघर से खलीफाबाग चौक, कोतवाली होकर तातारपुर तक.

2. एसएम कॉलेज से घूरनपीर बाबा चौक, कचहरी चौक होकर भीखनपुर तक3. तिलकामांझी चौक से आदमपुर चौक, बूढ़ानाथ चौक व नयाबाजार होकर चंपानगर तक4. तिलकामांझी से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी होकर बरारी तक.

5. वैकल्पिक बाइपास जीरोमाइल गोपालपुर से जिच्छो, सरमसपुर, शीतला स्थान चौक, गुड़हट्टा चौक, पंखा टोली, शाहजंगी होकर कबीरपुर तक.

डीएम आवास जाने वाली सड़क का भी अब नहीं होगा रखरखाव

डीएम आवास जाने वाली रोड पीडब्ल्यूडी की है और इसका भी अब रखरखाव नहीं होगा. क्योंकि , यह रोड भी ओपीआरएमसी योजना में शामिल था. एग्रीमेंट समाप्त होने के बाद यह भी निर्माण और रखरखाव पॉलिसी से बाहर हो गया है.

12 साल से मुंगेर एजेंसी संभाल रही थी जिम्मेदारी

ओपीआरएमसी योजना से सड़कों का निर्माण व रखरखाव कार्य की जिम्मेदारी मुंगेर की एजेंसी 12 साल से संभाल रही थी. पहले उन्हें पांच साल के लिए मिला था. इसके बाद फरवरी 2019 में 7 साल के लिए चयनित किया गया था.

जिले के आसपास के पीडब्ल्यूडी रोड का भी एग्रीमेंट मार्च में होगा समाप्त

जिले के आसपास के पीडब्ल्यूडी रोड का भी एग्रीमेंट मार्च में समाप्त होने जा रहा है. शहर से बाहर की सड़क का निर्माण व रखरखाव की जिम्मेदारी टॉप लाइन इंफ्रा नाम एजेंसी संभाल रही है. वर्क पीरियड सात सालों का है और पूरा होते ही मेंटेनेंस कार्य बंद हो जायेगा. इसमें अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर पथ, भागलपुर-अमरपुर वाया कजरैली पथ, सुलतानगंज से तारापुर पथ, शाहकुंड से असरगंज पथ, सन्हौला-हनवारा पथ, जगदीशपुर से सन्हौला पथ, कहलगांव बर्निंग घाट पथ, नवगछिया से महादेवपुर घाट, खरीक चोरहर पथ, कटरिया-तीनटंगा पथ व अन्य सड़क शामिल है.

300 करोड़ का एस्टिमेट को चार माह बाद भी नहीं मिली मंजूरी

पथ निर्माण विभाग ने एग्रीमेंट समाप्त होने के चार माह पूर्व यानी, नवंबर में ही सभी सड़कों का एस्टिमेट बनाकर मुख्यालय को भेजा है, ताकि सड़कों का निर्माण व रखरखाव कार्य पर कोई असर नहीं पड़े. कार्य सुचारू रूप से होता रहे. लेकिन, मुख्यालय ने अबतक मंजूरी नहीं दी है. एस्टिमेट करीब 300 करोड़ की राशि का है. अब तत्काल में भी अगर फाइल स्वीकृत किया जाता है, तो भी एजेंसी बहाल होने में कम से कम तीन महीने का समय लगेगा. लेकिन, लगातार रिमाइंडर के बाद भी मुख्यालय ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को नजरअंदाज करके रखा है. यदि जल्द ही नयी एजेंसी को मेंटेनेंस कार्य के लिए बहाल नहीं किया गया, तो सड़कों की हालत तेजी से बिगड़ सकती है. पीडब्ल्यूडी को स्थिति संभालना और समाधान निकालना चुनौती होगा. आरसीडी इस योजना से तैयार दो अलग-अलग पैकेज में काम कराने के लिए एस्टिमेट भेजा है, जो कि प्रत्येक पैकेज की अनुमानित लागत करीब 150 करोड़ रुपये है.

कोट

ओपीआरएमसी योजना में शामिल शहरी सड़कों के निर्माण व मेंटेनेंस कार्य का एग्रीमेंट समाप्त हो गया है. शहर से बाहर की सड़कों का मार्च में एग्रीमेंट समाप्त हो जायेगा. इससे पहले ही एस्टिमेट मुख्यालय को भेजा गया है लेकिन, अबतक स्वीकृति नहीं मिली है. रिमाइंडर भी भेजा जायेगा. जबतक मंजूरी नहीं मिल जाती है, तब तक नयी एजेंसी बाहल नहीं हो सकेगी और न ही मेंटेनेंस कार्य हो सकेगा.

अरविंद कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंतापथ निर्माण विभाग, भागलपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >