नवगछिया, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
नवगछिया पुलिस जिला के खरीक में हुए कन्हैया मोदी हत्याकांड मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव खुद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने ना सिर्फ प्रशासन बल्कि इलाके के मंत्रियों पर भी जमकर हमला बोला. बताया जा रहा है कि कन्हैया मोदी को अपराधियों ने रंगदारी नहीं देने पर घर के पास ही गोली मार दी. इस वारदात के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पटना से सड़क मार्ग होते हुए सीधे खरीक पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और मौके से ही सीनियर पुलिस अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई की मांग की. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, पूरे इलाके में पहले से ही आतंक का माहौल है.इलाके में कानून व्यवस्था फेल : सांसद
दो-दो मंत्री बनने के बाद भी इलाके में कानून व्यवस्था फेल है. अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि खुलेआम धमकी दी जा रही है. ऐसे अपराधियों का 2 मिनट में एनकाउंटर होना चाहिए. गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को डराकर जीने नहीं दिया जा रहा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे मामलों में सरेंडर कराकर अपराधियों को बचाया जाता है, और फिर जेल से ही उनका नेटवर्क चलता रहता है. उन्होंने भागलपुर जाकर आईजी से मिलने की बात कही. सभी आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की मांग, किसी भी कीमत पर न्याय दिलाने का भरोसा, खरीक की यह घटना अब सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की परीक्षा बन चुकी है. सवाल है, क्या प्रशासन अपराधियों पर लगाम लगाएगा? या फिर गरीब यूं ही डर के साए में जीते रहेंगे.
