भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर शनिवार की अल सुबह करीब चार बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एनएच के किनारे खड़े ट्रक में सामने से जोरदार धक्का मार दिया. घटनास्थल पर ही वैन चालक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा चालक जख्मी हो गया है. सूचना पर भवानीपुर पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी थानाक्षेत्र अंतर्गत धमौन गांव के वार्ड 11 के विश्वनाथ राय का पुत्र सुनील कुमार (30) व घायल चालक की पहचान उसी गांव के फुदे नारायण का पुत्र मनोज कुमार (28) के रूप में हुई है. घायल ने बताया कि वह अपने साथी सुनील के साथ पिकअप वैन में गाजर व चुकंदर लेकर समस्तीपुर से पूर्णिया जा रहे थे. दोनों ड्राइवर हैं. घटना के वक्त सुनील ड्राइव कर रहा था. घटना नारायणपुर बस स्टैंड चौक से पश्चिम करीब 500 मीटर की दूरी पर घटी है. मृतक के परिजन के आने पर अपराह्न करीब एक बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया ले जाया गया. परिजन ने बताया कि सुनील अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. वह घर का एक मात्र कमाने वाला था. वर्ष 2016 में सुनील की शादी महद्दीनगर जलालपुर के सुर्मिला कुमारी से हुई थी. दोनों से अंतराज, अभिराज व एक दो महीने का शिशु है. मां दुलारी देवी, पत्नी, दो शादीशुदा बहनें समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है. घटना में पिकअप वैन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. चालक उसी में फंस गया था. ड्राइवर एसोसिएशन के आदित्य राज ने एनएच पर सर्विस रोड बनाने का मांग की है. भवानीपुर थाना के पुअनि हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.
Bhagalpur news पिकअप वैन ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, वैन चालक की मौत, दूसरा जख्मी
तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एनएच के किनारे खड़े ट्रक में सामने से जोरदार धक्का मार दिया. घटनास्थल पर ही वैन चालक की मौत हो गयी
