भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट BHAGALPUR NEWS :
30 अप्रैल को 142वें महर्षि मेंहीं परमहंस जयंती समारोह का शुभारंभ सुबह 5:00 बजे भव्य शोभायात्रा प्रभातफेरी से होगा. प्रभातफेरी कुप्पाघाट स्थित महर्षि मेंहीं आश्रम से निकलेगी. समारोह की तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी. इसे लेकर बुधवार को प्रात: महासभा के पदाधिकारियों ने समीक्षा की. प्रभातफेरी आश्रम से निकलकर डीएम कोठी, तिलकामांझी चौक, कचहरी चौक, घंटाघर चौक, लोहिया पुल, स्टेशन चाैक, एमपी द्विवेदी रोड, कोतवाली चौक, नया बाजार, बूढ़ानाथ चौक, आदमपुर होते हुए पुन: आश्रम परिसर पहुंच पूरी होगी. शोभायात्रा में शोभायात्रा में गुरु महाराज जी का चित्र भव्य रथ पर रखकर गाजे-बाजे, बैंड पार्टी, चार पहिया वाहन एवं दो पहिया वाहन के साथ सत्संग प्रेमी, बूढ़े-बच्चे, नौजवान, महिलाएं आदि शामिल होंगे. महासभा के मनु भास्कर, स्वामी पंकज बाबा, स्वामी रमेश बाबा, स्वामी संजय बाबा, स्वामी नाथू बाबा, अमित कुमार, सूरज कुमार, बादल कुमार आयोजन की सफलता को लेकर लगे हैं.देश भर से सत्संग में शामिल होने वालों के लिए भोजन आवास की सुविधा
महामंत्री दिव्य प्रकाश ने कहा कि महासभा की ओर से देशभर से आने वाले सत्संगियों के लिए भोजन, आवास, रोशनी, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधा की व्यवस्था की गयी है. प्रात: छह बजे संत मेंही सदगुरु महाराज की तस्वीर पर पुष्पांजलि का कार्यक्रम होगा. पुष्पांजलि होने के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा. 11:00 बजे दिन से सामूहिक भंडारा शुरू होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे. दोपहर 2:00 बजे भजन-कीर्तन, स्तुति विनती प्रवचन होगा.
दिव्य प्रकाश ने बताया सद्गुरु की जयंती घर-घर मनायी जाती है. ऐसे में आश्रम में अन्य आयोजन से कम भीड़ होती है. देशभर के सैकड़ों आश्रम में अलग-अलग तरीके से संतमत की परंपरा के अनुसार जयंती समारोह मनाया जायेगा.