– नगर निगम गेट पर रुका रहा जुलूस, नामांकन पर आमदा डॉ अहसन मना ले गये झारखंड के मंत्री नामांकन के अंतिम दिन यानी सोमवार को भागलपुर नगर सीट से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल करने डिप्टी मेयर डॉ सलाहउद्दीन अहसन तामझाम के साथ जुलूस के साथ निकले, लेकिन बीच रास्ते में भी जुलूस से गायब हो गये. नामांकन नहीं कराया. अब अपनी पार्टी (राजद) के सिपाही बनकर महागठबंधन उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है. इसके बाद भागलपुर की राजनीति में सरगर्मी बढ़ा दी है. दूसरी तरफ उम्मीदवार के बैठे जाने पर भी तरह-तरह की चर्चा भी जोरों पर है. दरअसल, मुस्लिम डिग्री कॉलेज से डॉ सलाहउद्दीन अहसन का नामांकन जुलूस यात्रा भव्य तरीके से निकाला गया. बड़ी संख्या में उनके समर्थक जुलूस में शामिल हुए. जुलूस स्टेशन चौक, खलीफाबाग चौक, घंटाघर चौक, आदमपुर चौक होते हुए नगर निगम गेट तक पहुंचा. जुलूस में शामिल एक समर्थक ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि नगर निगम गेट पर करीब दस मिनट तक जुलूस रुका रहा. इसी बीच झारखंड के मंत्री संजय यादव और कुछ लोग उम्मीदवार से बात करने पहुंचे. पार्टी के समर्थन में बैठने की बात कही. इसी बीच में जुलूस में उम्मीदवार के समर्थकों का कहना था कि नामांकन करायें. कुछ देर के लिए किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा था. समर्थकों की आवाज ज्यादा होने पर मंत्री ने उम्मीदवार डॉ सलाहउद्दीन अहसन को अपनी गाड़ी में बैठा लिया. समर्थक के अनुसार मंत्री ने मायागंज के एक घर पहुंचे. वहां डॉ अहसन से वार्ता की. इस बीच वहां एक प्रत्याशी भी पहुंचे. नामांकन नहीं करने का आग्रह किया. काफी देर तक वार्ता चली. इसके बाद डॉ अहसन ने नामांकन नहीं करने का फैसला लिया. यहीं से डॉ अहसन अपने घर लौट गये. उधर, उम्मीदवार डॉ सलाहउद्दीन अहसन ने कहा कि पार्टी का आश्वासन उन्हें मिला है. झारखंड के मंत्री संजय यादव से वार्ता के क्रम में आश्वासन दिया गया है कि महागठबंधन की सरकार बनने पर उन्हें शीर्ष नेतृत्व में शामिल किया जायेगा. पार्टी के सच्चे सिपाही बन कर महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरे दमखम के साथ काम करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
