-गोराडीह में 96.89 एकड़ जमीन इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए की गयी थी चिह्नितसंजीव झा, भागलपुर
गोराडीह में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर नहीं, बल्कि मेगा औद्योगिक पार्क का निर्माण होगा. इसकी पुष्टि जिला प्रशासन ने कर दी है. अब तक प्रशासनिक स्तर ले लेकर आमलोगों के बीच इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनने की चर्चा थी. उद्योग विभाग को 96.89 एकड़ जमीन भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के नाम से ही नि:शुल्क ट्रांसफर की गयी थी. लेकिन जब यहां 13.45 एकड़ रैयती जमीन का अधिग्रहण होने तैयारी शुरू हुई, तब खुलासा हुआ कि गोराडीह में मेगा औद्योगिक पार्क बनेगा, कॉरिडोर नहीं.दो पत्र, दो तरह की बात, इसलिए उठा सवाल
गोराडीह प्रखंड के मोहनपुर में 96.89 एकड़ सरकारी जमीन का नि:शुल्क ट्रांसफर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए किया गया था. इस संबंध में मंत्रिपरिषद की बैठक की गयी थी, जिसमें जमीन ट्रांसफर की स्वीकृति भी दी जा चुकी है. इस पर राजस्व व भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने 05.08.2025 को जारी किया था. इस पर सवाल यह उठ रहा था कि 96.89 एकड़ के बड़े क्षेत्र में एक मामूली गलियारा (कॉरिडाेर) कैसे बन सकता है ?भू-अर्जन निदेशक ने गत 14 व 15 जनवरी को भूमि अधिग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक की थी. इसमें जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि गोराडीह में मेगा औद्योगिक पार्क के लिए 13.45 एकड़ रैयती जमीन का एसआइए कार्य पूरा कर अधिग्रहण करें. इस पर सवाल यह खड़ा हो गया कि 13 एकड़ जैसे छोटे क्षेत्र में मेगा औद्योगिक पार्क का निर्माण कैसे किया जा सकता है ?
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया मामला
96.89 एकड़ जमीन इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के नाम से ही ट्रांसफर हुई थी. हो सकता है उस समय भूलवश कॉरिडोर लिखा गया होगा. लेकिन यहां मेगा औद्योगिक पार्क ही बनना है. इसमें कुछ जमीन कम हो रही थी, इसलिए 13.45 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जा रही है. पार्क बनने के बाद इस इलाके की तस्वीर बदल जायेगी. रोजगार के बड़े साधन मिल जायेंगे. भागलपुर जिले के विकास को पंख लग जायेगा.
–डॉ नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी, भागलपुरक्या फर्क है कॉरिडोर व औद्योगिक पार्क में
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर क्या है?एक बहुत बड़ा औद्योगिक रास्ता या पट्टी, जो कई शहरों और जिलों से होकर गुजरता है. इस रास्ते पर सड़क, रेलवे स्टेशन, बंदरगाह बनाये जाते हैं. इसमें अलग-अलग जगहों पर कई औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाता है.मेगा औद्योगिक पार्क क्या है?
एक ही जगह बना हुआ बहुत बड़ा औद्योगिक परिसर, जहां सैकड़ों फैक्ट्रियां एक साथ लगती हैं. यहां जमीन, बिजली, पानी, सुरक्षा की व्यवस्था पहले से होती है. यहां तुरंत उद्योग का काम शुरू किया जा सकता है.13.45 एकड़ जमीन के लिए जनसुनवाई 20 को
गोराडीह में 13.45 एकड़ रैयती जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. यह भी मेगा औद्योगिक पार्क के लिए ही होगा. आर्थिक सामाजिक अध्ययन (एसआइए) कराने की तैयारी पूरी हो चुकी है. एसआइए के लिए एलएन मिश्रा आर्थिक अध्ययन एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान को चुना गया है, जो इस परियोजना से होने वाले सामाजिक और आर्थिक प्रभावों का विस्तृत मूल्यांकन करेगा. इसके लिए सार्वजनिक सुनवाई (पब्लिक हियरिंग) गोराडीह के मोहनपुर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 20 जनवरी को 11 बजे होगी. इस संबंध में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने सूचना जारी कर दी है.मुख्यमंत्री ने एक फरवरी को की थी घोषणा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक फरवरी, 2025 को प्रगति यात्रा पर भागलपुर आये थे. इस दौरान उन्होंने कई घोषणाएं की थी. इसमें इंडस्ट्रियल कॉरिडोर निर्माण की घोषणा भी शामिल थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
