भागलपुर के नवगछिया स्कूल में छात्रों की मारपीट मामले में FIR दर्ज, विद्यालय प्रशासन पर भी लगे आरोप

Naugachia School Fight News: भागलपुर के नवगछिया इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय में छात्रों की मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है. पीड़ित छात्र के पिता ने विद्यालय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

भागलपुर से रिपोर्ट

Naugachia School Fight News: भागलपुर जिले के नवगछिया स्थित इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय में छात्रों के बीच हुई मारपीट का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. इस घटना को लेकर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत घायल छात्र के पिता ने दर्ज कराई है, जिसमें एक छात्र पर मारपीट का आरोप लगाने के साथ-साथ विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं.

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विद्यालय परिसर में छात्रों के बीच हुए विवाद में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी.

कक्षा में धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद

प्राथमिकी के अनुसार, रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र रूपेश कुमार इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय, नवगछिया में नौवीं कक्षा का छात्र है.

शिकायत में कहा गया है कि घटना वाले दिन रूपेश अपनी सीट पर बैठा था. इसी दौरान पीछे बैठे एक छात्र ने उसे धक्का दिया, जिससे आगे बैठे दूसरे छात्र को भी धक्का लग गया. आरोप है कि इसी बात को लेकर आगे बैठे छात्र ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रूपेश की पिटाई शुरू कर दी.

पीड़ित पक्ष का कहना है कि रूपेश ने समझाने की कोशिश की कि उसने जानबूझकर धक्का नहीं दिया, बल्कि पीछे बैठे छात्र के धक्का देने से ऐसा हुआ. इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई.

पटना: बीएसएससी अभ्यर्थियों ने लंबित परीक्षाओं की तिथि जारी करने की मांग को लेकर आयोग कार्यालय में प्रदर्शन किया. 10-15 दिन में तारीख नहीं आने पर महाआंदोलन की चेतावनी दी.

शोर सुनकर पहुंचे शिक्षक

शिकायत के अनुसार, रूपेश के शोर मचाने पर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया. इसके बाद घायल छात्र ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. वहीं, दूसरे पक्ष के छात्र ने भी अपने परिवार को सूचना दी.

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला बढ़ गया और अंततः पीड़ित पक्ष ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी.

Naugachia School Fight News: विद्यालय प्रशासन पर भी लगाए आरोप

प्राथमिकी में पीड़ित छात्र के पिता ने विद्यालय की प्राचार्य विनिता राय और एक सहायक शिक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान विद्यालय प्रशासन ने प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया और न ही अपने स्तर से पुलिस को सूचना दी. पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि समय रहते विद्यालय प्रशासन सक्रियता दिखाता तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती.

हालांकि, इस संबंध में विद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

नवगछिया थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विद्यालय परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और विवाद की स्थिति में त्वरित हस्तक्षेप की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे के लिए बिहार के इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

बिहार के इन दो जिलों में जमीन के नीचे बनेगी ब्लास्ट-प्रूफ रेल लाइन, जंग में बंकर का करेगी काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >