कटिहार-बरौनी रेलखंड पर स्थित नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 21 वर्षीय युवक की कटकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसा उस वक्त हुआ जब युवक कान में ब्लूटूथ ईयरफोन लगाए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और कटिहार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया.
कान में लगा था ब्लूटूथ, नहीं सुनाई दी मालगाड़ी की सीटी
मृतक की पहचान नारायणपुर गांव निवासी मो. इजाउद्दीन उर्फ इज्जो के 21 वर्षीय पुत्र शाहनवाज उर्फ बेहरा के रूप में हुई है. शाहनवाज अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक बुधवार सुबह करीब आठ बजे मधुरापुर बाजार की दिशा से पैदल आ रहा था. उसके दोनों कानों में ब्लूटूथ ईयरफोन लगा हुआ था. इसी दौरान वह प्लेटफॉर्म नंबर एक के पूर्वी छोर स्थित पोल संख्या 80/15-16 के पास अप थ्रू लाइन को पार करने लगा.
कटिहार की ओर से आ रही मालगाड़ी को वह ईयरफोन में व्यस्त रहने के कारण नहीं देख और सुन सका, जिससे वह सीधे इंजन की जद में आ गया और मौके पर ही उसके चीथड़े उड़ गए.
स्टेशन मास्टर व रेल पुलिस का बयान: परिजनों ने शव ले जाने में दिखाई जल्दबाजी
नारायणपुर स्टेशन अधीक्षक मनोहर मंडल ने बताया कि घटना सुबह 8:08 बजे की है, जिसकी सूचना दिल्ली पार्सल ट्रेन के लोको पायलट से प्राप्त हुई थी. हादसे के बाद मालगाड़ी स्टेशन पर महज एक मिनट तक रुकी रही.
सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन पुलिस के औपचारिक पंचनामे से पहले ही दो मिनट के भीतर शव को ट्रैक से उठाकर घर ले गए. रेल पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शव का अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) कराने से साफ मना कर दिया. घटना के बाद रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सामान्य है.
एक साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातम
शाहनवाज की असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक अपने पीछे पत्नी आफरीन खातून और करीब एक वर्ष के मासूम बेटे को छोड़ गया है.
पति के शव से लिपटकर बिलखती पत्नी और मां मदीना खातून की चीत्कारों से पूरे नारायणपुर गांव का माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन के इस्तेमाल को लेकर युवाओं से सतर्कता बरतने की अपील की है.
