Bhagalpur News. शहर में बंद पड़ी चार सौ लाइट व खराब सफाई मशीन होगी दुरुस्त

नगर निगम की बैठक.

नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक: मेयर व नगर आयुक्त की उपस्थिति में विकास कार्यों की गति बढ़ाने पर चर्चा

नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में रोशनी, सफाई समेत विभिन्न जनसुविधाओं के विकास को लेकर फैसला लिया गया. बंद पड़ी लाइट को दुरुस्त करने का काम करीब दो वर्षों से अटका हुआ था. नगर आयुक्त ने बैठक में ही रोशनी शाखा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 25 जनवरी तक लाइट दुरुस्त हो जाये. इस निर्देश से करीब चार सौ बंद पड़ी लाइट जलेगी. बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ बसुंधरा लाल ने किया. बैठक में डिप्टी मेयर व सदस्यों ने सफाई एजेंसी के काम पर सवाल उठाया. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि भागलपुर की भौगोलिक स्थिति को देखकर सफाई व्यवस्था तय की जाये. इसके लिए कंस्लटेंट एजेंसी की बहाली हो. जिसके साथ मेयर द्वारा गठित पांच सदस्यीय टीम भी रहे, इस टीम ने 15 राज्यों के नगर निगम की सफाई व्यवस्था का अध्ययन की है.

– आवारा कुत्तों के लिए बनेगा डॉग डिटेंशन सेंटर

बैठक में आवारा कुत्तों के लिए वार्ड दो में डॉग डिटेंशन सेंटर बनेगा. इसको लेकर मेयर व नगर आयुक्त ने जवाब मांगा, तो संबंधित अधिकारी ने पूरी जानकारी दी. बताया कि इस सेंटर में रेबीज सहित कुत्तों से संबंधित सभी इलाज होगा. इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

– मार्च में योजना की बची राशि विभाग को नहीं लौटे

नगर आयुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष की समाप्ति पर किसी बड़ी योजना की राशि नहीं लौटे, इसके लिए तैयारी की जा रही है. 2022-23 की भी राशि बची हुई है. उन्होंने राजस्व शाखा के प्रभारी से विभिन्न योजनाओं की राशि की जानकारी मांगी. मेयर, डिप्टी मेयर सहित सदस्यों ने सुझाव दिया बची राशि जिस मद की है उसे उसी मद में खर्च किया जाये.

– रिक्शाडीह बस स्टैंड के समीप से तुरंत कूड़ा हटाने को कहा, एजेंसी से शोकॉज

मेयर ने बताया कि रिक्शाडीह बस स्टैंड के समीप कूड़े का ढेर लगाया जा रहा है. निगम की गाड़ी कनकैथी डंपिंग ग्राउंड नहीं जाकर वहां कूड़ा गिरा रही है. इससे वहां चलना मुश्किल है. तत्काल सफाई एजेंसी के कर्मी को बुलाया गया. एजेंसी प्रतिनिधि ने बताया निजी जमीन मालिक के आवेदन व निगम की स्वास्थ्य शाखा के निर्देश पर वहां कूड़ा गिराया जा रहा है. इस पर मेयर ने कहा कि इसे बंद किया जाये. इस पर नगर आयुक्त ने एजेंसी को कहा कि तुरंत वहां कूड़ा गिराना बंद हो व चयनित जगह पर ही कूड़ा गिराया जाये. एजेंसी से कहा कि रातो-रात वहां से कूड़ा हटाया जाये. यह भी कहा गया कि जहां-तहां कूड़ा नहीं गिराया जाये. मेयर, डिप्टी मेयर व संबंधित सदस्यों ने कहा कि शहर के सफाई का हाल बुरा है. इस पर एजेंसी के प्रतिनिधि ने कहा कि ट्रीपर खराब है. इसके लिए आवेदन दिये हैं. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि अब कोई आवेदन नहीं, आकर खुद मिलें. उन्होंने एजेंसी को शोकॉज करने का निर्देश दिया.

– पहली बार 15 अप्रैल को मनाया जायेगा निगम का स्थापना दिवस

निर्णय लिया गया कि 15 अप्रैल को निगम का स्थापना दिवस मनाया जायेगा. मेयर ने इस मुद्दे को उठाया. नगर आयुक्त ने समर्थन करते हुए कहा स्थापना दिवस में क्या-क्या होना चाहिए, एक समिति बना ली जाये. यह पहला मौका होगा कि निगम का अपना स्थापना दिवस मना रहा है. इस स्थापना दिवस पर अंग के संस्कृति बिहुला-विषहरी व मंजूषा कला के बारे में जानकारी दी जायेगी. बैठक में मेयर डॉ. बसुंधरालाल, डिप्टी मेयर डॉ सलाउद्दीन अहसन, पार्षद संजय कुमार सिन्हा, डॉ. प्रीति शेखर, श्रीमती दीपिका कुमारी, निकेश कुमार, अरसदी बेगम, रंजीत कुमार, उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, निगम के शाखा प्रभारी व अभियंता उपस्थित थे.

– यह भी फैसला लिया गया

– जल जीवन हरियाली के तहत वार्डों में बनाये गये सोख्ता का भुगतान जांच रिपोर्ट आने के बाद हो.

– दो पार्षद के योजना में हेराफेरी के सवाल पर, योजना शाखा प्रभारी ने कहा, कोई हेराफेरी नहीं हुई है.

-पानी की जांच के लिए वाटर टेस्टिंग लैब की स्थापना.

– खराब पड़े चलंत शौचालय को ठीक कराने व नये की खरीद, शव वाहन, डीप-फ्रीजर की खरीद पर चर्चा

– पुरानी योजनाओं को जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश संवेदक को दिया जायेगा.

– बंद पड़े शवदाह गृह को जल्द चालू कराने को कहा

– जो भी खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से हो उसमें सामान का नाम स्पष्ट लिखा जाये

– खराब जेट्री मशीन को ठीक कराया जाये. कोरोना काल में केमिकल डालने से खराब हुई थी.

– वार्ड 21 में एक सड़क आधा-अधूरा बन गया, लेकिन भुगतान हो गया. नगर आयुक्त ने कहा कि इसे देखा जाये.

– वार्ड पार्षदों के लिए बनेगा पार्षद कक्ष, 19 लाख का मॉडल स्टीमेट बन कर तैयार है, हर वार्ड में पार्षद कक्ष के लिए देखी जायेगी जमीन.

– स्मार्ट सिटी में रखे हुए लगभग सौ से अधिक सोलर लाइट के बारे में मेयर ने नगर आयुक्त को दी जानकारी, कहा कि इसे लगाया जाये.

– स्मार्ट सिटी मद से बने कियोस्क में ग्रील लगाया जाये.

– गणतंत्र दिवस पर सैंडिस में निगम की निकलने वाली झांकी में अच्छे काम करने वालोंको पुरस्कृत किया जायेगा.

– अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई. वार्ड 36-37 के सुंदर लाल लेन में वेंडिंग जोन के निर्माण पर भी चर्चा- स्वास्थ्य व जलकल शाखा की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए ट्रैक्टर, हाइड्रोलिक ट्रैक्टर, ट्रेलर, डस्टबिन, मोबाइल टॉयलेट, और विभिन्न क्षमता के मोटर पंप व पैनल स्टार्टर जैसे उपकरणों की खरीद पर चर्चा- सभी वार्ड प्रभारियों व कार्यालय कर्मियों को सीयूजी सिम व मोबाइल उपलब्ध कराने, नया सॉफ्टवेयर विकसित करने पर विचार

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >