Bhagalpur News भागलपुर से ब्रजेश की रिपोर्ट :
भागलपुर सिटी में तिलकामांझी चौक के किनारे स्थित जर्जर भवन को गुरुवार देर शाम से तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गयी. यह भवन लंबे समय से आवागमन में बाधा बन रहा था. नगर निगम प्रशासन ने यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में शुरू की है. संबंधित भवन नगर निगम का है, जिसे पहले लीज पर दिया गया था और उसमें होटल का संचालन किया जा रहा था. जब निगम प्रशासन ने भवन को खाली कराया, तो संचालक न्यायालय की शरण में चले गये थे. इसी कारण वर्ष 2022 से इस भवन पर स्टे लागू हो गया था. वहीं, समाहर्ता, भागलपुर की अदालत द्वारा विविध उत्पाद वाद मामले में पारित न्यायादेश के आलाेक में 06 जून, 2022 को होटल को खाली कराने के उपरांत सील किया गया था, जिससे इसे तोड़ने की कार्रवाई लंबे समय तक अटकी रही.इस दौरान इससे सटे दूसरे जर्जर भवन को निगम प्रशासन ने पहले ही ध्वस्त कर दिया था, लेकिन कानूनी अड़चन के कारण इस भवन को नहीं हटाया जा सका. अब स्टे हटने के बाद निगम प्रशासन ने कार्रवाई तेज करते हुए गुरुवार देर शाम से इसे गिराने का काम शुरू कर दिया है. निगम के अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि यह अभियान पूरी रात चलेगी, ताकि जल्द से जल्द आवागमन को सुगम बनाया जा सके और किसी संभावित खतरे को टाला जा सके.मशीनों और मजदूरों के साथ तेज हुई कार्रवाई
नगर निगम के योजना शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि दो मंजिला भवन को तोड़ने के लिए शुरुआत में दो जेसीबी मशीन लगायी गयी है. इसके करीब दो घंटे बाद एक और जेसीबी मंगाकर काम में तेजी लायी गयी. इसके अलावा मलबा हटाने के लिए दो ट्रैक्टर और करीब 20 मजदूरों को लगाया गया है. लगातार मशीनों की मदद से भवन को ध्वस्त करने का काम जारी है.
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस बलों की तैनाती, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं. तिलकामांझी थाना सहित 25 से अधिक महिला और पुरुष पुलिस बल मौके पर तैनात किये गये हैं. वहीं, मजिस्ट्रेट के रूप में जिला सांख्यिकी सहायक पदाधिकारी राजेश कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया है. इसके साथ ही जगदीशपुर बीडीओ की मौजूदगी में नगर निगम के करीब 15 अधिकारी और कर्मचारी इस कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं.भवन के चारो ओर बैरिकेडिंग, सड़क को किया गया ब्लॉक
भवन को तोड़ने की कार्रवाई शुरू करने से पहले सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारो ओर बैरिकेडिंग की गयी है. वहीं, भवन के पीछे और तिलकामांझी चौक से बरारी की ओर जाने वाली सड़क को ब्लॉक कर दिया गया है. इस मार्ग पर जाने वाले वाहनों को जवारीपुर और तुलसीनगर के रास्ते पर डायवर्ट किया गया है. यह व्यवस्था भवन ध्वस्त करने की प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी.
