सैंडिस मैदान में प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने फहराया तिरंगा, विकास योजनाओं और विकसित भागलपुर का रखा रोडमैप

भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिले के विकास का रोडमैप पेश किया. उन्होंने विक्रमशिला सैटेलाइट टाउनशिप, AI विश्वविद्यालय, और सहयोग पोर्टल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया, जो आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाएंगी.

भागलपुर. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सैंडिस मैदान में जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह आयोजित किया गया. नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रावैधिकी विभाग के मंत्री सह भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के साथ परेड का निरीक्षण किया. समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे.

स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और महान विभूतियों को नमन करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ नागरिकों को अपने देश के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी मिली है.

भागलपुर के विकास के लिए कई बड़ी पहल

नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार भागलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भागलपुर की धरती से 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन को महत्वपूर्ण कदम बताया. राज्य में 551 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों की शुरुआत को भी उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रसार की दिशा में अहम पहल बताया.उन्होंने भागलपुर में एआई और कंप्यूटर आधारित नए विश्वविद्यालय की स्थापना, ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए 220 एकड़ भूमि के हस्तांतरण, मुंगेर से सहरसा तक गंगा पथ परियोजना तथा कहलगांव से बटेश्वर मंदिर तक रोप-वे निर्माण की योजनाओं का भी उल्लेख किया.

सहयोग पोर्टल से 12,551 आवेदन मिले

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के सहयोग कार्यक्रम के तहत Sahyog पोर्टल शुरू किया गया है. भागलपुर जिले में अब तक 12,551 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 11,174 आवेदनों पर 30 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है.

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से शिकायतों के समाधान की यह व्यवस्था आम लोगों को प्रशासन से जोड़ने में उपयोगी साबित हो रही है.

विक्रमशिला नाम से बनेगी सैटेलाइट टाउनशिप

प्रभारी मंत्री ने बताया कि राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जा रही हैं. भागलपुर में प्रस्तावित टाउनशिप का नाम विक्रमशिला रखा गया है और इसका क्षेत्रफल करीब 140 वर्ग किलोमीटर प्रस्तावित है.उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं पर केंद्रित आधुनिक शहर का विकास करना है.

श्रावणी मेला की सुविधाओं पर विशेष जोर

श्रावणी मेला को लेकर मंत्री ने कहा कि लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा शुरू करते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार सुल्तानगंज, भागलपुर, खैरा, मुंगेर और भरकूप, बांका में आधुनिक हैंगर बनाए और संचालित किए गये हैं.

युवाओं को रोजगार और अवसर से जोड़ने पर जोर

मंत्री ने युवाओं से अनुशासन, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला बनाना सरकार का उद्देश्य है. उन्होंने मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना के जरिए छात्रों को ई-लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराने और मेडल लाओ-नौकरी पाओ योजना के तहत रोजगार के अवसर देने का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राज्य को ब्रेन-ड्रेन से ब्रेन-गेन की दिशा में आगे बढ़ाना जरूरी है.

जनभागीदारी से बनेगा आधुनिक भागलपुर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है. इसके लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, शिक्षा, भाईचारा, सद्भाव और संविधान के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की.उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ऐसा भागलपुर बनाया जा सकता है, जो स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित, विकसित और आधुनिक हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार झा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >