जिले के 61 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मैट्रिक मुख्य विषयों की परीक्षा समाप्त हो गयी है. सोमवार को दोनों पाली में अंग्रेजी की परीक्षा हुई. परीक्षा संपन्न होने की खुशी में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली खेली. वहीं, मंगलवार व बुधवार को ऐच्छिक विषयों की परीक्षा होनी है.
अंग्रेजी विषय की दोनों पाली में 44929 उपस्थित व 957 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. प्रथम पाली में 22573 उपस्थिति व 442 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में 22356 उपस्थित व 515 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ दी. उधर, डीइओ राज कुमार शर्मा ने कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही. बता दें कि मैट्रिक परीक्षा को लेकर भागलपुर अनुमंडल में 42, कहलगांव में नौ व नवगछिया में 10 केंद्र बनाये गये थे.
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की थी. परीक्षा कदाचार मुक्त व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी खुद निगरानी कर रहे थे. उन्होंने कुछ परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया. बताया जा रहा है कि अबतक हुई परीक्षा में एक से दो परीक्षार्थी ही निष्कासित हुए. मैट्रिक परीक्षा समाप्ति पर स्टेशन व बस स्टैंड पर उमड़ी भीड़
मैट्रिक परीक्षा के अंतिम दिन सोमवार की शाम शहर में गहमागहमी का माहौल रहा. तिलकामांझी स्थित सरकारी बस स्टैंड और भागलपुर रेलवे स्टेशन पर छात्रों व अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गई. अधिकांश छात्र लगेज के साथ परीक्षा समाप्त होने के बाद खुशी-खुशी घर लौटते दिखे. भागलपुर से खुलने वाली लोकल ट्रेनों में अपेक्षा से अधिक भीड़ रही, हालांकि छात्रों को ट्रेन में चढ़ने में विशेष परेशानी नहीं हुई. सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की विशेष तैनाती की गई थी. आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरी ने बताया कि स्टेशनों पर संदिग्ध लोगों पर नजर रख कार्रवाई की जा रही है.
