MBBS की 30 सीटों पर टिकी नजरें, NMC टीम के इंतजार में JLNMCH; शिक्षकों की छुट्टियां तक रद्द

JLNMCH NMC Inspection: कभी भी पहुंच सकती है निरीक्षण टीम, कॉलेज प्रशासन अलर्ट मोड में; मानक पूरे हुए तो मेडिकल छात्रों के लिए खुलेंगे नए अवसर.

भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट

JLNMCH NMC Inspection:  जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (JLNMCH) में नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) की संभावित निरीक्षण टीम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. पिछले करीब दो सप्ताह से कॉलेज प्रबंधन को टीम के आगमन की सूचना मिल रही है, लेकिन अब तक निरीक्षण शुरू नहीं हो सका है. हालांकि किसी भी दिन टीम के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कॉलेज प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में जुटा हुआ है.

टीम के इंतजार में अलर्ट मोड पर पूरा कॉलेज

कॉलेज प्रशासन को 10 जून से ही संकेत मिल रहे हैं कि एनएमसी की टीम निरीक्षण के लिए पहुंच सकती है. इसके बाद से प्रबंधन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है. प्राचार्य कार्यालय की ओर से सभी विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों और चिकित्सकों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं. निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा. सभी को निर्धारित समय पर कॉलेज और अस्पताल में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.

हर विभाग की होगी बारीकी से जांच

सूत्रों के अनुसार एनएमसी की टीम कॉलेज की शैक्षणिक और चिकित्सीय व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन करेगी. निरीक्षण के दौरान विभागवार फैकल्टी की उपलब्धता, शिक्षकों की संख्या, अस्पताल में भर्ती और ओपीडी मरीजों की स्थिति, आधुनिक उपकरण, प्रयोगशालाएं, कक्षाएं, पुस्तकालय, छात्रावास और अन्य आधारभूत सुविधाओं की जांच की जाएगी. टीम यह भी देखेगी कि मेडिकल कॉलेज एनएमसी के निर्धारित मानकों पर कितना खरा उतरता है.

30 अतिरिक्त MBBS सीटों की उम्मीद बढ़ी

इस निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण पहलू एमबीबीएस सीटों में संभावित बढ़ोतरी को माना जा रहा है. वर्तमान में कॉलेज में 120 सीटों पर नामांकन होता है. यदि एनएमसी की टीम निरीक्षण से संतुष्ट होती है तो 30 अतिरिक्त सीटों की मंजूरी मिल सकती है. ऐसा होने पर कॉलेज में कुल 150 छात्रों को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश का अवसर मिलेगा.

समस्तीपुर के बाद भागलपुर की बारी!

जानकारी के मुताबिक सोमवार को एनएमसी की टीम समस्तीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए पहुंची थी. इसके बाद अब भागलपुर आने की संभावना जताई जा रही है. इसी कारण कॉलेज प्रशासन ने सभी जरूरी दस्तावेजों को अपडेट कर लिया है और विभागों को किसी भी समय निरीक्षण के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

सीटें बढ़ीं तो क्षेत्र के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

एमबीबीएस की 30 अतिरिक्त सीटें स्वीकृत होने से बिहार के मेडिकल अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा. इससे सरकारी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे और अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिल सकेगी. साथ ही कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों, संसाधनों और अधोसंरचना के विस्तार का रास्ता भी खुलेगा.

कॉलेज प्रशासन का दावा है कि एनएमसी के अधिकांश मानकों को पूरा कर लिया गया है और संस्थान निरीक्षण के लिए पूरी तरह तैयार है. अब सबकी निगाहें उस निरीक्षण टीम पर टिकी हैं, जिसकी रिपोर्ट JLNMCH के भविष्य और यहां पढ़ने वाले हजारों मेडिकल अभ्यर्थियों के सपनों को नई दिशा दे सकती है.

भागलपुर की और खबरें पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >