Bhagalpur News. शाह मार्केट में 200 दुकानों की जांच, 70 फीसदी के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं, सात दिनों की मोहलत

शाह मार्केट में दुकानों की जांच की गयी.

-मोहलत की अवधि के बाद फिर से होगी जांच, नहीं मिला ट्रेड लाइसेंस तो लगेगा जुर्माना

बिना ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय कर रहे दुकानदारों के खिलाफ निगम ने शुक्रवार को शाह मार्केट में अभियान चलाया. नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा के निर्देश पर निगम की टीम ने एक-एक दुकान का निरीक्षण किया. लगभग 200 दुकानों की जांच की गयी. जांच के दौरान कई दुकानों में दस्तावेजों से जुड़ी कमियां पायी गयी और कई दुकानदार आवश्यक कागजात नहीं दिखा सके.

70 प्रतिशत दुकानों के पास नहीं मिला वैध ट्रेड लाइसेंस

जांच में सबसे बड़ी बात यह सामने आयी कि करीब 70 प्रतिशत दुकानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस उपलब्ध नहीं था. कई दुकानदार बिना लाइसेंस के ही कारोबार करते पाये गये, जबकि कुछ ने पहले से बने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया था. इसे नगर निगम ने गंभीर माना है और इसे राजस्व व्यवस्था के लिए भी नुकसानदायक बताया है.

सात दिन का समय, बाद में जुर्माना और सील करने की चेतावनी

नगर निगम ने सभी दुकानदारों को सात दिनों की मोहलत दी है. इस अवधि में उन्हें नया ट्रेड लाइसेंस बनवाने या पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया गया है. अतिक्रमण शाखा प्रभारी जय प्रकाश यादव ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय के बाद फिर से जांच की जायेगी. नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड लगाया जायेगा और जरूरत पड़ने पर दुकानों को सील भी किया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kali kinker mishra

काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >