गुरुवार की रात जगदीशपुर के बलुआचक में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक प्रेमिका को बुलाने और शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया. दृश्य कुछ ऐसा था मानो फिल्म शोले का मशहूर सीन फिर से जीवंत हो उठा हो, जहां धर्मेन्द्र बसंती के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए थे, बस फर्क इतना था कि यहां टंकी की जगह मोबाइल टावर था. जानकारी के अनुसार, तरडीहा निवासी सुबोध राय के पुत्र भास्कर कुमार रात करीब नौ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. ऊपर पहुंचते ही उसने अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की जिद ठान ली. युवक की इस हरकत की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद जगदीशपुर थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई. हालांकि युवक भी डायल 112 को फोन किया था. पुलिस पदाधिकारियों ने काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन अपनी मांगों पर अड़ा रहा और बार-बार प्रेमिका को बुलाने की जिद दोहराता रहा. देर रात तक यह ड्रामा चलता रहा और पुलिस टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही. खबर लिखे जाने तक उसे टावर से नीचे नहीं उतारा जा सका था.
bhagalpur news. मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा
गुरुवार की रात जगदीशपुर के बलुआचक में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक प्रेमिका को बुलाने और शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया
