– सोनी टीवी का बहुचर्चित शो है इंडियाज बेस्ट डांसर, टॉप 30 में गरिमा चयनित
सोनी टीवी के बहुचर्चित रियलिटी शो इंडियाज बेस्ट डांसर के सीजन पांच के लिए नवगछिया की गरिमा चौधरी का फिर चयन हुआ है. देश भर से चयनित कुल 30 प्रतिभागियों में गरिमा भी है. सीजन पांच में चयन की घोषणा होते ही गरिमा के परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है. मालूम हो कि इसी रियलिटी शो के सीजन थ्री में भी गरिमा का चयन वर्ष 2023 में हुआ था. अपनी प्रतिभा के बल पर गरिमा ने शो में एक अलग पहचान बनायी थी. लेकिन फाइनल राउंड से वह चूक गयी थी. अब गरिमा ने दो वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद गरिमा ने टॉप 30 में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है. गरिमा के पिता शंकर चौधरी ने बताया कि ऑडिशन राउंड में गरिमा का चयन हो गया है, अब कोरियोग्राफी राउंड और कलिंग राउंड के बाद गरिमा टॉप 12 में पहुंच सकती है. चयन के बाद गरिमा को 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने की छूट दी गयी है. फिलहाल गरिमा दिल्ली में 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे रही है.
कई चर्चित कलाकारों के साथ काम कर चुकी है गरिमा
मालूम हो कि नेहा कक्कड़ की हालिया रिलीज चर्चित सांग लॉलीपॉप, प्रिंस निरूला के सांस और पंजाबी पॉप गायिका जाशमिन सेंडलस के सांग में गरिमा बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम कर चुकी है. इसके अलावा वह प्रसिद्ध गायक अरिजीत सिंह के साथ भी स्टेज परफॉर्म कर चुकी है. गरिमा के पिता ने बताया कि सीजन थ्री के बाद गरिमा को कई मौके मिले, लेकिन वह पहले अपनी पढ़ाई और नृत्य की बारीकियों को सीखने पर फोकस कर रही है. गरिमा एक सफल कोरियोग्राफर बनना चाहती है. मालूम हो कि गरिमा, राजेंद्र कॉलोनी के रहने वाले शंकर चौधरी और बेबी चौधरी की पुत्री है. शंकर चौधरी दिल्ली में कोचिंग सेंटर का संचालन करते हैं. शंकर चौधरी ने बताया कि गरिमा बचपन से ही प्रतिभावान है. जब भी टीवी पर गाने चलते तो वह सामने डांस करने लगती थी. इसी कारण उसकी प्रतिभा को बढ़ावा देते हुए, वे उसे बेहतर नृत्य की तालीम लेने का अवसर प्रदान कर रहे हैं.लोगों के लोगों में खुशी
गरिमा के चयन पर भागलपुर के नृत्य गुरु निवास मोदी, संगीत गुरु सह संगीतकार चेतन परदेशी, नवगछिया के अभिनेता दिलीप आनंद (चश्मा वाला हीरो), कोरियोग्राफर धर्मेंद्र गुप्ता, बाबा गणिनाथ सेवा समिति के संयोजक पंकज कुमार भारती, अभिनेता मुकेश मंडल, गीतकार पंकज प्रियदर्शी, गीतकार चंद्रकांत मंडल, समाजसेवी गौतम कुमार यादव, शिक्षक चंद्रगुप्त साह, ताइक्वांडों खिलाड़ी फाइटर जेम्स, लोक गायक मिथुन महुआ, कॉमेडियन विजय आनंद, रील मास्टर राकेश कुमार रौशन, निर्माता गुलशन कुमार, अभिनेता अजेश साहू समेत अन्य ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि उम्मीद है इस बार गरिमा शो की विनर बनेगी.
