Bhagalpur River Water Level : जल संसाधन विभाग की मंगलवार सुबह छह बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस्माईलपुर-बिंदटोली के स्पर संख्या-07 पर गंगा नदी का जलस्तर 29.54 मीटर दर्ज किया गया. यह पिछले 24 घंटे की तुलना में 8 सेंटीमीटर अधिक है. हालांकि जलस्तर अभी भी चेतावनी स्तर 30.60 मीटर से 1.04 मीटर नीचे है. नदी का पानी तटबंध के टो (पाए) तक पहुंच गया है, जिसके कारण विभाग ने यहां निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है. फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है.
मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर घटा
मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 29.30 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2 सेंटीमीटर कम हुआ है. यहां चेतावनी स्तर 30.48 मीटर और खतरे का स्तर 31.48 मीटर निर्धारित है. विभाग के अनुसार नदी का पानी अभी तटबंध के टो तक नहीं पहुंचा है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.
जेबी चोरहर में भी कोसी का जलस्तर कम हुआ
जेबी चोरहर स्थल पर कोसी नदी का जलस्तर 30.25 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 5 सेंटीमीटर घटा है. यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर और खतरे का स्तर 31.77 मीटर है. हालांकि बगजान जमींदारी तटबंध के कुछ हिस्सों में नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है, लेकिन जल संसाधन विभाग ने स्थिति को सुरक्षित और नियंत्रण में बताया है.
संवेदनशील तटबंधों पर विभाग की पैनी नजर
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गंगा और कोसी दोनों नदियों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. संवेदनशील तटबंधों पर अभियंताओं और कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जलस्तर में किसी भी अप्रत्याशित बदलाव की स्थिति में तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जा सके. फिलहाल किसी भी क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
