पूर्वी शहर के ज्योति बिहार कॉलोनी के पास शनिवार दोपहर करीब 3 बजे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन केबल में अचानक आग लग गयी. इस घटना का सीधा असर आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति पर पड़ा. शाम तक बिजली मिलने की उम्मीद कर रहे लोगों को रात करीब आठ बजे तक अंधेरे का सामना करना पड़ा. जीरोमाइल से बाबूपुर जाने वाली सड़क पर रहने वाले लोग गर्मी में परेशान होते रहे. जूनियर इंजीनियर मिथिलेश कुमार ने बताया कि सभी लाइनमैन से एक साथ काम नहीं लेने की मजबूरी है. अगर एक साथ सभी को लगा देंगे, तो आठ घंटे के बाद दूसरे शिफ्ट के लिए काम कराना मुश्किल हो जायेगा. बिजली आपूर्ति देर शाम तक बहाल करा दी गयी थी.
लाइनमैन की कमी से बढ़ी परेशानी
केबल बदलने के लिए पर्याप्त लाइनमैन की व्यवस्था नहीं की गयी थी. पूरे काम के लिए गैंग लगाने के बजाय केवल तीन लाइनमैन को भेज दिया गया. संसाधनों की कमी के कारण काम में देरी होती गयी और जो कार्य सामान्यतः दो घंटे में पूरा हो सकता था, उसे पूरा करने में आठ घंटे लग गये. लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी उठानी पड़ी. पानी की सप्लाई ठप होने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुआ. देर शाम के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी.
