सबौर थाना पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान लैलख गांव में छापेमारी कर एक महिला अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान पारो देवी, पति ज्ञानी मंडल, के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके घर से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी के चांदी के जेवरात बरामद किये हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्ञानी मंडल अपनी पत्नी व अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रेनों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है. सूचना के अनुसार चोरी के सामान को घर में छिपाकर रखा जाता था और वहीं से अवैध हथियारों का कारोबार भी चलाया जा रहा था. वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर सिटी एसपी और विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गयी. पुलिस के पहुंचते ही घर की तलाशी ली गयी, जहां से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, चांदी की तीन पायल, एक बाजूबंद और दो सिकरी लॉकेट सहित बरामद की गयीं. मौके से पारो देवी को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में सबौर थाना में कांड संख्या 155/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस गिरोह के मुख्य आरोपी ज्ञानी मंडल और उसके अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. छापेमारी टीम में सबौर थानाध्यक्ष सुबेदार पासवान, पुअनि बमबम कुमार और महिला सिपाही लभली कुमारी शामिल थीं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.