TMBU के कालेजों में अगले आदेश तक नामांकन स्थगित, सिंडिकेट की आपात बैठक में लिया गया फैसला

TMBU की सिंडीकेट की बैठक में सर्वसम्मति से सदस्यों ने निर्णय लिया कि अगले आदेश तक कॉलेजों में स्नातक में नामांकन स्थगित रहेगा. वहीं अब आठ जून को सिंडीकेट की अगली बैठक होगी

तिलकामांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी (TMBU) में सिंडिकेट की ऑनलाइन आपात बैठक मंगलवार को कुलपति प्रो जवाहरलाल की अध्यक्षता में हुई. इसमें स्नातक व पीजी स्तर पर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्रा व सभी वर्गों की छात्रा के नामांकन में शुल्क माफी को लेकर मंथन किया गया. इसमें सिंडिकेट सदस्य सह जनप्रतिनिधि किसी कारण से जुड़ नहीं पाये थे. इस कारण से भी ऑनलाइन सिंडिकेट की बैठक में नामांकन शुल्क को लेकर निर्णय नहीं लिया जा सका. सर्वसम्मति से सदस्यों ने निर्णय लिया कि अगले आदेश तक कॉलेजों में स्नातक में नामांकन स्थगित रहेगा.

आचार संहिता के समाप्त होने के बाद आठ जून को विवि में ऑफलाइन सिंडिकेट की बैठक होगी. इसमें सिंडिकेट सदस्यों के निर्णय के बाद स्नातक नामांकन में शुल्क लेने या नहीं लेने पर फाइनल निर्णय लिया जायेगा. वहीं, बैठक में रजिस्ट्रार डॉ विकास चंद्र ने प्रस्ताव रखा कि छात्रों से जुड़ा मामला है, ऐसे मामले में जनप्रतिनिधियों का सिंडिकेट की बैठक में शामिल होना जरूरी है.

वहीं, सिंडिकेट की बैठक में विश्वविद्यालय के वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को वित्त समिति में रखने पर सहमति बनी है, ताकि बजट को जल्द वित्तीय समिति व अन्य समिति में रखकर अनुमोदित कराया जा सके. सरकार को समय से बजट भेजा जाये. बैठक में डॉ अर्चना साह, ब्रजकिशोर प्रसाद, डॉ विकास चंद्रा, सिंडिकेट सदस्य डॉ रूबी कुमारी, डॉ शैलेश्वर प्रसाद, प्रो रामसेवक सिंह, डीएसडब्ल्यू प्रो बिजेंद्र कुमार आदि मौजूद थे.

सरकार से नामांकन शुल्क लेने का जारी हुआ है पत्र

विवि के अधिकारियों ने कहा कि कुछ माह पहले सरकार के उच्च शिक्षा विभाग से पत्र जारी कर स्नातक व पीजी स्तर पर नामांकन शुल्क माफ करने की बात कही गयी थी. इसके बाद फिर सरकार से एक और पत्र जारी कर कहा गया कि केवल नामांकन शुल्क ही माफ होगा, जबकि नामांकन के लिए अन्य शुल्क लेने की बात कही गयी है. इसे लेकर विवि से कॉलेजों को इस संबंध में पत्र भी भेजा गया था. कुछ दिन पहले एबीवीपी के छात्र नेताओं ने नामांकन शुल्क को पूरी तरह माफ करने की मांग को लेकर विवि में आंदोलन किया था. इस बाबत मामले में सिंडिकेट की बैठक बुलायी गयी है.

कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया हो चुकी थी शुरू

विवि के कॉलेजों में स्नातक में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हाे चुकी थी. कॉलेजों में ऑनलाइन प्रोविजनल नामांकन लिया जा रहा था. उधर, सिंडिकेट की बैठक में लिये गये निर्णय को लेकर डीएसडब्ल्यू प्रो बिजेद्र कुमार ने कहा कि सभी कॉलेजों को पत्र भेजा जा रहा है कि तत्काल प्रभाव से स्नातक में नामांकन की प्रक्रिया अगले आदेश तक के लिए स्थगित रहेगा. आठ जून के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश जारी किया जायेगा.

स्नातक पेंडिंग रिजल्ट सुधार कर कॉलेजों को भेजा जा रहा

टीएमबीयू में स्नातक पेंडिंग रिजल्ट सुधारने का काम जारी है. विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद कुमार झा ने कहा कि स्नातक सेमेस्टर वन का कॉमर्स व साइंस में पेंडिंग रिजल्ट सुधार दिया गया है. सुधार के बाद टीआर कॉलेजों को भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि आर्ट्स संकाय के कुछ विषय में पेंडिंग रिजल्ट सुधार का काम चल रहा है. सप्ताह भर के अंदर कॉलेजों रिजल्ट सुधार की कॉलेजों को टीआर भेजा जायेगा. डॉ झा ने कहा कि स्नातक सत्र 2021-24 पार्ट टू का अंकपत्र प्रेस में छपाई हो रहा है. वहां से आने के बाद अंकपत्र कॉलेजों को भेजा जायेगा.

बीएन कॉलेज का मूल्यांकन के लिए सितंबर में आ सकती है नैक टीम

बीएन कॉलेज का मूल्यांकन के लिए सितंबर में नैक टीम आ सकती है. इसे लेकर कॉलेज में तैयारी चल रही है. कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि नैक मूख्यालय से कॉलेज के छात्रों का वेरिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है. अब कॉलेज के डाटा की जांच नैक मुख्यालय से ऑनलाइन किया जा रहा है, जो 30 मई तक पूरा हो जायेगा. उन्होंने कहा कि नैक टीम का सितंबर में आना संभावित है. कॉलेज में नैक मूल्यांकन को लेकर बनी अलग-अलग कमेटी अपने स्तर से तैयारी में लगी है.

Also Read: बेहतर शोध पत्र के लिए शोधकर्ताओं को सम्मानित करेगा BRABU, कुलपति ने की घोषणा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >