इंजीनियरिंग के 7 छात्रों ने रचा इतिहास, SDM से लेकर MEO तक बने अधिकारी

Engineering College: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के घोषित परिणामों में बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (BCE), भागलपुर के छात्रों और पूर्व छात्रों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. संस्थान से जुड़े सात अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रशासनिक पदों पर चयन हुआ है. इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान का गौरव बढ़ाया है, बल्कि वर्तमान छात्रों के लिए भी प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है.

भगलपुर से पिंटू प्रणव की रिपोर्ट

Engineering College: इंजीनियरिंग की पढ़ाई से प्रशासनिक सेवा तक का सफर. बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, भागलपुर के छात्रों और पूर्व छात्रों ने BPSC 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती. सात युवाओं की सफलता ने पूरे संस्थान को गौरवान्वित कर दिया है.

SDM पद पर दो पूर्व छात्रों का चयन

घोषित परिणामों के अनुसार इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के अभिषेक कुमार (2009-2013 बैच) एवं कृष्ण कन्हैया (2013-2017 बैच) का चयन अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) पद पर हुआ है. दोनों की सफलता को संस्थान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

कई प्रशासनिक पदों पर मिली सफलता

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के अभिषेक अमर (2014-2018 बैच) का चयन राजस्व अधिकारी पद पर हुआ है. वहीं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के रितिक कुमार (2015-2019 बैच), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के नयन कुमार (2016-2020 बैच) तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के शादिक (2018-2022 बैच) का चयन आपूर्ति निरीक्षक पद पर हुआ है.इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग की आकांक्षा राज (2015-2019 बैच) नगर कार्यपालक पदाधिकारी (MEO) के रूप में चयनित हुई हैं.

प्राचार्य ने कहा, पूरे BCE परिवार के लिए गर्व का क्षण

संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजू एम. तुगनायत ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि BPSC 70वीं परीक्षा में पूर्व छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे BCE परिवार के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थी ईमानदारी, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ समाज एवं राज्य की सेवा करेंगे.

वर्तमान छात्रों के लिए बने प्रेरणास्रोत

सफल परिणामों के बाद संस्थान के शिक्षकों, पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है. विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है. संस्थान के समन्वयक डॉ. बबलेश झा सहित सभी विभागाध्यक्षों ने चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल प्रशासनिक करियर की शुभकामनाएं दी हैं.BCE भागलपुर के इन प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता यह दर्शाती है कि संस्थान केवल तकनीकी शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रतिभाएं तैयार कर रहा है. यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी.

ALSO READ: शोधगंगा प्रमाण-पत्र के बिना नहीं मिलेगी Ph.D उपाधि, टीएमबीयू ने कसी नकेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >