जिले के प्रभारी मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने सैंडिस कंपाउंड में फहराया झंडा, बोले
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सैंडिस कंपाउंड में जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में उद्योग सह पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने झंडा फहराया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-31 (भागलपुर-नवगछिया खंड) वर्तमान यातायात दबाव के अनुसार अपर्याप्त है. लगातार बढ़ते वाहनों, औद्योगिक परिवहन और यात्रियों के कारण इसका चौड़ीकरण प्रस्तावित है. लगभग 4,000 करोड़ लागत से 100 किलोमीटर लंबी बन रही मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क का लगभग 79 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है. अप्रैल, 2026 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है. भागलपुर-हंसडीहा पथ के लोहिया ब्रीज से बायपास तक फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ 17 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है. इस पथ के बन जाने से शहर की लगभग छह लाख आबादी को सुविधा मिल जायेगी. भागलपुर-अगरपुर-कोतवाली पथ के चौड़ीकरण के लिए 114 करोड़ दो लाख 40 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी है. उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धि पर भी प्रकाश डाला.इसके पूर्व उन्होंने परेड की सलामी ली. उनके साथ जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने परेड का निरीक्षण किया. आइजी विवेक कुमार, आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने भी परेड की सलामी ली.मुख्य मंच पर भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ एनके यादव, महापौर डॉ बसुंधरा लाल, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल, उपमहापौर डॉ सलाहउद्दीन अहसन व जिला परिषद उपाध्यक्ष डॉ प्रणव कुमार आदि उपस्थित थे.
