सीनियर छात्रों की प्रताड़ना से तंग आकर सड़क पर उतरे अंबेडकर छात्रावास के बच्चे, समाहरणालय गेट किया जाम

भागलपुर के अंबेडकर छात्रावास में सीनियर छात्रों द्वारा लगातार की जा रही मारपीट और समय पर भोजन न मिलने से तंग आकर जूनियर छात्रों ने रात में ही छात्रावास छोड़ दिया. न्याय की गुहार लगाते हुए उन्होंने मुख्य सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.

भागलपुर के कंपनीबाग स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय छात्रावास में रहने वाले जूनियर छात्रों के सब्र का बांध रविवार रात टूट गया. छात्रावास में सीनियर छात्रों द्वारा लगातार की जा रही मारपीट, प्रताड़ना और समय पर भोजन न मिलने से त्रस्त होकर कक्षा 8वीं तक के दर्जनों छात्र रात में ही छात्रावास छोड़कर तातारपुर थाने पहुंच गए. थाने में शिकायत दर्ज करने के बजाय दुर्व्यवहार किए जाने से आक्रोशित बच्चों ने समाहरणालय के मुख्य गेट के सामने मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया.

सीनियर छात्रों की मारपीट और मेस की अव्यवस्था से त्रस्त थे बच्चे

कंपनीबाग स्थित अंबेडकर छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले कक्षा आठवीं तक के छात्रों का आरोप है कि छात्रावास के सीनियर छात्र उनके साथ आए दिन अमानवीय व्यवहार करते हैं. सीनियर छात्र बात-बात पर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं, साथ ही मेस में उन्हें समय पर भरपेट भोजन भी नहीं दिया जाता है. इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर बच्चे इंसाफ की गुहार लगाने छात्रावास से बाहर निकले थे.

तातारपुर पुलिस पर दुर्व्यवहार और छात्रों को पकड़ने का आरोप

पीड़ित छात्र मदद की उम्मीद लेकर रात में पैदल ही तातारपुर थाना पहुंचे थे. छात्रों का आरोप है कि थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें डांट-फटकार कर भगाने का प्रयास किया और उनके साथ मारपीट भी की. इतना ही नहीं, पुलिस ने उनके दो साथी छात्रों को थाने में ही जबरन बैठा लिया, जिससे आक्रोशित होकर सभी बच्चे पैदल मार्च करते हुए समाहरणालय गेट पहुंचे और मुख्य सड़क पर बैठकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया.

तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, नहीं माने छात्र

रात करीब 10 बजे कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य मार्ग जाम होने और बच्चों की उग्र नारेबाजी से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही कोतवाली, तिलकामांझी और तातारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया. हालांकि, न्याय की मांग और सीनियर छात्रों पर कार्रवाई को लेकर अड़े छात्र हटने को तैयार नहीं हुए.

सदर एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर सुलझाया मामला

सड़क जाम की सूचना पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत बच्चों से बातचीत कर उनकी पूरी बात सुनी. छात्रों ने रोते हुए छात्रावास की बदहाली, सीनियरों की प्रताड़ना और थाने में दो साथियों को हिरासत में रखे जाने की व्यथा सुनाई. एसडीओ ने बच्चों को निष्पक्ष जांच और सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा स्वयं उन्हें साथ लेकर तातारपुर थाना पहुंचे.

थाने पहुंचकर अधिकारियों ने दोनों छात्रों को मुक्त कराया और पूरी व्यवस्था की समीक्षा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और भरोसे के बाद देर रात सभी छात्र शांत होकर वापस छात्रावास लौट गए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >