सुलतानगंज के मुख्य चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक गर्भवती महिला ने सड़क किनारे ही बच्ची को जन्म दे दिया. घटना ने राहगीरों और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया, लेकिन मानवता और त्वरित सहयोग से जच्चा-बच्चा दोनों की जान सुरक्षित बचा ली गयी. प्रसूता की पहचान पूजा कुमारी (25), पति सन्नी साह, निवासी जहांगीरा, कमरगंज पंचायत के रूप में हुई है. प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से सुलतानगंज रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. चिकित्सकों ने महिला को भर्ती कर स्लाइन देने और प्रसव कराने की सलाह दी, लेकिन लाख समझाने के बावजूद महिला अस्पताल से निकल कर अपनी नानी के साथ घर जाने पर अड़ गयी. महिला की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी. अस्पताल से निकलने के बाद पूजा कुमारी टोटो से जहांगीरा जाने के लिए निकलीं. मुख्य चौक के पास टोटो बदलने के दौरान अचानक तेज प्रसव पीड़ा हुई और टोटो से उतरते ही सड़क किनारे उन्होंने एक बच्ची को जन्म दे दिया. यह दृश्य देख कर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. मौके पर मौजूद सब्जी विक्रेताओं ने तत्परता दिखा कपड़े से घेरा बना कर महिला को सुरक्षित रखा और तुरंत रेफरल अस्पताल को सूचना दी. सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा को अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया. प्रसूता की नानी लाखों देवी ने बताया कि यह पूजा कुमारी की आठवीं डिलीवरी है. इससे पहले पांच गर्भ असफल रहे थे. पूर्व में एक पुत्र और एक पुत्री का जन्म हुआ था. इस बार पूरे नौ माह के बाद स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ है. फिलहाल मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं.
90 लाख की योजनाओं का लोकार्पण
सुलतानगंज नगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में रविवार को सुलतानगंज में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन हुआ. कृष्णानंद स्टेडियम परिसर में कला मंच, दीवार निर्माण तथा सांसद निधि से लगाये गये हाइमास्ट लाइट का लोकार्पण जदयू विधायक प्रो ललित नारायण मंडल, नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी ने संयुक्त रूप से किया. हाइमास्ट लाइट लगने से स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र में रात्रि के समय बेहतर रोशनी की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा.नप क्षेत्र के वार्ड 28 स्थित नारायणपुर में एक सीढ़ी घाट, एक नाला तथा एक सड़क का उद्घाटन विधायक ने फीता काट कर एवं नारियल फोड़कर किया. विधायक ने बताया कि इन योजनाओं पर लगभग 90 लाख रुपये से अधिक की लागत आयी है. इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को आवागमन, जलनिकासी और गंगा घाट तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी.मौके पर नप उपसभापति नीलम देवी, पवन केसान, सदानंद कुमार, मनीष कुमार, इं सुजीत कुमार, रीना देवी, रूबी देवी, शशि भूषण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
