सबौर थाना क्षेत्र के ममलखा गांव के पास सोमवार को एक ट्रिपल लोड बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक की मौत हो गयी, जबकि दो घायल हो गयें. मृतक की पहचान 22 वर्षीय रतन कुमार के रूप में की गयी. घायलों में लक्ष्मण कुमार और फंटूश कुमार शामिल हैं. घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज ले जाया गया था, जहां इलाज के क्रम में रतन कुमार की मृत्यु हो गयी. दोनों घायलों का इलाज चल रहा है. मायागंज स्थित बरारी थाना पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मृतक की बहन अर्चना कुमारी ने बताया कि फंटूश और लक्ष्मण के साथ उसका भाई रतन कुमार किसी काम से बाहर निकला था. जब वे लोग लौट रहे थे तो इसी क्रम में ममलखा गांव के पास ही एक अज्ञात बाइक चालक लापरवाही पूर्वक परिचालन करते हुए सामने आ गया. जिसके बाद असंतुलित हो कर उसके भाई की बाइक सड़क पर गिर गयी. घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये. परिजनों ने बताया रतन काफी होनहार और मेहनती लड़का था. उसकी मौत हो जाने के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है.