अवैध संबंध के शक में प्रेमिका के पति ने रची हत्या की साजिश, दो कथित शूटर गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने 36 घंटे के भीतर उत्तम कुमार यादव की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है और बताया है कि हत्या की साजिश अवैध प्रेम संबंध के चलते रची गई थी.

भागलपुर. ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के पचरुखी मोड़ के पास 10 सितंबर को उत्तम कुमार यादव की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बधार निवासी प्रदुमन यादव और अमदाबाद थाना क्षेत्र के नया टोला निवासी मो. लालू के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं. वहीं, मामले में उत्तम कुमार की कथित प्रेमिका के पति सरोज भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

प्रेम संबंध को लेकर हत्या की साजिश का पुलिस का दावा

भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में हत्या की साजिश का कारण सामने आया है. पुलिस के मुताबिक साहेबगंज जिले के मुफसिल थाना क्षेत्र के शोमनपुर डेरा निवासी सरोज भारती की पत्नी के साथ उत्तम कुमार यादव के कथित अवैध संबंध को लेकर हत्या की साजिश रची गयी थी.

पुलिस का दावा है कि सरोज भारती के कहने पर प्रदुमन यादव और मो. लालू ने तीन से चार दिनों तक बाइक से उत्तम कुमार की रेकी की थी.

पचरुखी मोड़ के पास सुनसान जगह पर मारी गोली

पुलिस के अनुसार घटना के दिन उत्तम कुमार यादव को पचरुखी मोड़ की ओर जाते देखा गया. पहचान छिपाने के लिए सरोज भारती बाइक से उतर गया. इसके बाद प्रदुमन यादव और मो. लालू ने पचरुखी मोड़ के पास सुनसान जगह देखकर उत्तम कुमार को गोली मार दी.

गोली लगने से उत्तम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पत्नी के फर्दबयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना के बाद कहलगांव-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से जानकारी ली. मृतक की पत्नी के फर्दबयान के आधार पर ईशीपुर बाराहाट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी.

इसके बाद एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर सिटी एसपी अतुलेश झा की निगरानी में विशेष टीम गठित की गयी. टीम में एसडीपीओ-2 कहलगांव, ईशीपुर बाराहाट थानाध्यक्ष और एसटीएफ भागलपुर की टीम को शामिल किया गया.

तकनीकी और मानवीय सूचना से दो आरोपी पकड़े गए

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके पास से घटना में प्रयुक्त बतायी गयी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

मामले में सरोज भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

प्रदुमन यादव पर पहले से तीन मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार प्रदुमन यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ साहेबगंज मुफसिल थाना में वर्ष 2019 में हत्या और आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है.

इसके अलावा मनिहारी थाना में वर्ष 2023 में डकैती की तैयारी, अवैध हथियार से जुड़े मामले तथा मारपीट, चोरी, रंगदारी और धमकी सहित अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.

छापेमारी दल में पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल

छापेमारी दल में ईशीपुर बाराहाट थानाध्यक्ष मनीष कुमार, विपिन प्रसाद यादव, शकील अंसारी, सिपाही रतन कुमार, कौशल कुमार सिंह, मुकेश कुमार, सुजीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और एसटीएफ की टीम शामिल रही. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पिंटू प्रणव

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >