Bihar Assembly Election 2020 : आजादी से अबतक भागलपुर सीट पर महज पांच नेताओं को मिली विधायकी

Bihar Assembly Election 2020 : इस सीट पर एमएलए के चुनाव के लिए 17 बार मतदान हुआ है. लेकिन पांच लोग ही अबतक भागलपुर विधानसभा सीट से विधायक बन पाये.

By Prabhat Khabar | October 12, 2020 11:54 AM

गौतम वेदपाणि, भागलपुर : भले ही भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में आजादी से अबतक विकास का पहिया तेज गति से नहीं घूम पाया हो, लेकिन यहां के मतदाताओं ने अपने नेताओं पर खूब विश्वास किया. खासकर भागलपुर विधानसभा सीट पर एक नेता को बार बार विजयी बनाया.

ट्रेंड ऐसा चल पड़ा कि अबतक इस सीट पर एमएलए के चुनाव के लिए 17 बार मतदान हुआ है. लेकिन पांच लोग ही अबतक भागलपुर विधानसभा सीट से विधायक बन पाये. आजादी के ठीक पांच साल बाद 1952 में बिहार में पहली बार विधानसभा चुनाव हुआ.

1952 से 1967 तक तीन टर्म में कांग्रेस के विधायक सत्येंद्र नारायण अग्रवाल के सिर पर जीत का सेहरा सजता रहा. इसके बाद 1967 से लेकर 1980 तक चार टर्म की विधायकी जनसंघ के प्रत्याशी विजय कुमार मित्रा के पास रही.

1980 से 1990 तक दो टर्म में कांग्रेस आई के शिवचंद्र झा विधायक बने. बता दें कि विजय कुमार मित्रा भागलपुर से 1990 से 95 तक भी भाजपा पार्टी से विधायक रहे. इसके बाद 1995 से 2014 तक भाजपा से विधायक अश्विनी कुमार चौबे रहे.

विधायक अश्विनी कुमार चौबे 2014 में बक्सर सीट से सांसद बने. इसके बाद भागलपुर विधानसभा सीट पर मध्यावधि चुनाव हुआ, जिसमें एक बार फिर सत्ता कांग्रेस के पाले में आ गयी.

कांग्रेस के विधायक अजीत शर्मा ने मध्यावधि चुनाव समेत 2015 में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की. इस बार क्या ट्रेंड रहेगा, यह 10 नवंबर को मतगणना के बाद तय हो जायेगी.

अब तक के विधायक

प्रथम विधानसभा (1952-57) – कांग्रेस से सत्येंद्र नारायण अग्रवाल

दूसरा विधानसभा (1957-62) – कांग्रेस से सत्येंद्र नारायण अग्रवाल

तीसरा विधानसभा (1962-67) – कांग्रेस से सत्येंद्र नारायण अग्रवाल

चौथा विधानसभा (1967-69) – जनसंघ से विजय कुमार मित्रा

पांचवां विधानसभा (1969-72) – जनसंघ से विजय कुमार मित्रा

छठा विधानसभा (1972-77) – जनसंघ से विजय कुमार मित्रा

सातवां विधानसभा (1977-80) – जनता से विजय कुमार मित्रा

आठवां विधानसभा (1980-85) – कांग्रेस आई से शिवचंद्र झा

नवम विधानसभा (1985-90) – कांग्रेस आई से शिवचंद्र झा

दसवां विधानसभा (1990-95) – भाजपा से विजय कुमार मित्रा

11वां विधानसभा (1995-2000) – भाजपा से अश्विनी कुमार चौबे

12वां विधानसभा ( 2000-2005) – भाजपा से अश्विनी कुमार चौबे

13वां विधानसभा (फरवरी से मई 2005) – भाजपा से अश्विनी कुमार चौबे

14वां विधानसभा -(नवंबर 2005 से 2010) – भाजपा से अश्विनी कुमार चौबे

15वां विधानसभा – (2010-2014) – भाजपा से अश्विनी कुमार चौबे

मध्यावधि चुनाव – (2014-15) – कांग्रेस से अजीत शर्मा

16वां विधानसभा – (2015-2020) – कांग्रेस से अजीत शर्मा

Posted by Ashish Jha

Next Article

Exit mobile version