Bhola Nath ROB Delay: भागलपुर. शहर के बहुप्रतीक्षित भोलानाथ आरओबी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को देखते हुए निर्माण एजेंसी को दूसरी बार टाइम एक्सटेंशन दिया गया है. अब एजेंसी को 30 जून 2027 तक पुल का निर्माण पूरा करना होगा. हालांकि नई समय सीमा मिलने के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं दिख रही है.
रेलवे की मंजूरी में देरी से प्रभावित हुआ निर्माण
पुल निर्माण निगम का कहना है कि परियोजना में देरी का प्रमुख कारण रेलवे की प्रक्रियाएं हैं. रेलवे ट्रैक के ऊपर गार्डर लांच करने के लिए आवश्यक लांचिंग स्कीम को अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी है. वहीं जिस हिस्से में गार्डर लांच होना है, वहां का निर्माण कार्य भी अभी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है.
तीन वर्षों से परेशानी झेल रहे हैं स्थानीय लोग
आरओबी निर्माण के कारण भीखनपुर-शीतला स्थान चौक मार्ग से जुड़े सैकड़ों परिवार पिछले तीन वर्षों से आवागमन की कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. 12 जून 2023 से शुरू हुई निर्माण प्रक्रिया के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है. नई समय सीमा तय होने के बाद अब जून 2027 से पहले राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है.
35 करोड़ से अधिक भुगतान, फिर भी प्रगति धीमी
परियोजना में कार्य उपलब्धता के आधार पर अब तक 35 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है. इसके बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार सुपर स्ट्रक्चर का लगभग 58 प्रतिशत, सब स्ट्रक्चर का करीब 86 प्रतिशत और फाउंडेशन का लगभग 96 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है.
117.89 करोड़ की स्वीकृति, 86.16 करोड़ की लागत से निर्माण
Bhola Nath ROB Delay: भोलानाथ आरओबी परियोजना के लिए 117.89 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी. वहीं निर्माण कार्य 86.16 करोड़ 93 हजार रुपये की स्वीकृत लागत से कराया जा रहा है. विभाग का लक्ष्य नई समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा कर शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है.
Also Read : डेहरी EO हत्याकांड: पटना समेत राज्यभर के कार्यपालक पदाधिकारी सामूहिक अवकाश पर, मांगों को लेकर किया सड़क जाम
