— पूर्णिया व कटिहार टीम के बीच मुकाबला आज
सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वन डे ट्रॉफी में गुरुवार को लीग मुकाबले में भागलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंगेर टीम को पांच विकेट से पराजित कर दिया. इस जीत के साथ भागलपुर टीम अंगिका जोन की पूल चैंपियन बन गयी है. अब टीम का अगला मुकाबला 30 मार्च को बेगूसराय के खिलाफ मोइन-उल-हक स्टेडियम पटना में क्वार्टर फाइनल में होगा.
भागलपुर टीम के कप्तान ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. मुंगेर टीम ने सभी विकेट खोकर 46.1 ओवर में 176 रनों का स्कोर खड़ा किया. बल्लेबाजी में प्रतीक सिंह ने 47 व प्रशांत कुमार ने 44 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में भागलपुर की ओर से शुभम कुमार ने पांच विकेट चटकाये. इसके अलावा रिजवान शौकत रयान व राकेश गुप्ता ने दो-दो विकेट झटके.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भागलपुर टीम ने 26.2 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन जुटा लिये. बल्लेबाजी में राकेश गुप्ता ने 77 रन की शानदार पारी खेली. वहीं, आर्यन कुमार ने 32 व कुमार कृष्णा ने 28 रनों का योगदान दिया. मुंगेर की ओर से प्रशांत कमल कुमार ने तीन विकेट चटकाये. शानदार गेंदबाजी के लिए शुभम कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. मैच में अंपायर अमरेंद्र पांडेय व मनोहर कुमार रहे जबकि स्कोरिंग अंकित राज व शिवम कुमार थे. शुक्रवार को पूर्णिया व कटिहार के बीच मुकाबला होगा. उधर, बीडीसीए के वाइस प्रेसिडेंट सुबीर मुखर्जी, चेयरमैन डॉ आनंद कुमार मिश्रा, सचिव डॉ जय शंकर ठाकुर, मेहताब मेहंदी, शैलेंद्र मणि संदेश, एमडी उमर खान आदि ने जीत के लिए टीम को बधाई दी है.