LLB की सीटें घटाने पर छात्रों का सत्याग्रह, TMBU में भूख हड़ताल, 324 सीटें बहाल करने की मांग

Bhagalpur News: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में 324 एलएलबी सीटों पर पुनः नामांकन शुरू करने और 5 वर्षीय लॉ कोर्स का नामांकन जल्द चालू करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने एक दिवसीय सत्याग्रह किया. छात्र नेताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है.

Bhagalpur News: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) में एलएलबी पाठ्यक्रम की सीटों में कटौती और 5 वर्षीय लॉ कोर्स में लंबे समय से बंद नामांकन को लेकर छात्र संगठनों का विरोध तेज हो गया है. शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के संयुक्त बैनर तले विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय सत्याग्रह सह भूख हड़ताल आयोजित की गई. प्रदर्शनकारी छात्रों ने एलएलबी की सीटों की संख्या फिर से 324 करने और 5 वर्षीय लॉ कोर्स में जल्द नामांकन शुरू करने की मांग उठाई.

छात्र संगठनों का कहना है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

क्यों शुरू हुआ आंदोलन

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या कम होने से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित हो रहे हैं. उनका कहना है कि पहले की तरह 324 सीटें बहाल की जाएं ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सके.

साथ ही 5 वर्षीय लॉ कोर्स में कई वर्षों से बंद नामांकन को भी तत्काल शुरू करने की मांग की गई. छात्र संगठनों ने कहा कि टीएमबीयू के विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया में प्राथमिकता भी मिलनी चाहिए.

विश्वविद्यालय परिसर में सत्याग्रह और भूख हड़ताल

एक दिवसीय सत्याग्रह और भूख हड़ताल का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता विकाश सिंह और एनएसयूआई के अमन कुमार मिनाटी ने किया.

धरना के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर पदाधिकारियों का घेराव भी किया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के भविष्य को बचाने के लिए किया जा रहा है.

"हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा"

छात्र नेता मृत्युंजय कुमार ने कहा कि एलएलबी सीटों में भारी कटौती का सीधा असर हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के अवसर सीमित होने से योग्य विद्यार्थी भी प्रवेश से वंचित हो सकते हैं.

युवा कांग्रेस नेता विकाश सिंह ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द एलएलबी की सीटों को फिर से 324 नहीं करता और 5 वर्षीय लॉ कोर्स में नामांकन शुरू नहीं करता, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा. जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी की जाएगी.

कई संगठनों ने दिया समर्थन

छात्रों के आंदोलन को जन अधिकार पार्टी (जाप) ने भी समर्थन दिया. मारवाड़ी कॉलेज जाप अध्यक्ष रॉकी शर्मा ने धरना स्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन किया.

उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार हर विद्यार्थी का अधिकार है और किसी भी छात्र को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.

धरना-प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित साह, मृत्युंजय कुमार, अभिनंद यादव, आशीष कुमार, सोनू कुमार, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Bhagalpur News: अब विश्वविद्यालय के फैसले पर नजर

छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की है. फिलहाल यह देखना अहम होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है और एलएलबी सीटों तथा 5 वर्षीय लॉ कोर्स को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.

Also Read: भागलपुर के जमुनिया पंचायत भवन निर्माण स्थल पर मुंशी की हत्या से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak kumar rao

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >