सिल्क सिटी भागलपुर के स्थानीय बाजारों में इन दिनों मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ कुछ चुनिंदा दलहन और तिलहन को छोड़कर अधिकांश दैनिक खाद्य पदार्थों की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ सर्राफा बाजार में सोना और चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं.
पिछले दो महीनों से आभूषण बाजार में जारी भारी उतार-चढ़ाव के बाद फिलहाल पिछले 10 दिनों से सोने-चांदी की कीमतों में स्थिरता है, लेकिन स्तर अभी भी आम खरीदारों की जेब पर भारी पड़ रहा है.
सर्राफा बाजार: आसमान छू रहे हैं कीमती धातुओं के दाम
भागलपुर सर्राफा बाजार में पिछले पखवाड़े सोने के दाम चढ़े थे जबकि चांदी में हल्की नरमी आई थी. फिलहाल दोनों ही धातुओं की दरें ऐतिहासिक उच्च स्तर पर टिकी हुई हैं.
बाजार में 24 कैरेट शुद्ध सोना 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है. वहीं 22 कैरेट जेवराती सोने का भाव 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम बना हुआ है. इसके अतिरिक्त चांदी का भाव 2.36 लाख रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है.
अनाज और दलहन मंडी: दालों में मजबूती, चीनी में आई राहत
थोक व खुदरा अनाज मंडी में दालों के भाव मजबूत बने हुए हैं. खुदरा बाजार में चना दाल और मसूर दाल 72 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर स्थिर हैं.
अरहर दाल 120 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम तथा मूंग दाल 98 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है. इसके साथ ही कलाई दाल का भाव 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम और सामान्य गेहूं का आटा 35 रुपये प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध है.
चीनी के दामों में उतार-चढ़ाव के बाद अब नरमी आई है. 50 किलोग्राम वाला चीनी का बोरा जो उछलकर 3200 रुपये तक पहुंच गया था, अब गिरकर 2500 रुपये प्रति बोरा पर आ गया है.
चावल व चूड़ा मंडी: कतरनी की खुशबू बरकरार, स्वर्णा किफायती
भागलपुर की पहचान माने जाने वाले प्रसिद्ध कतरनी चावल की कीमत गुणवत्ता के आधार पर 80 रुपये से लेकर 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक बनी हुई है.
सामान्य परिवारों के लिए स्वर्णा चावल सबसे किफायती विकल्प बना हुआ है, जो 40 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर मिल रहा है. चूड़ा के शौकीनों के लिए कतरनी चूड़ा बाजार में 110 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर उपलब्ध है.
तेलहन बाजार: तीन महीने में 500 रुपये तक चढ़े खाद्य तेल के दाम
खाद्य तेलों के बाजार में लगातार तेजी का रुख देखा जा रहा है. तीन महीने पहले तक 15 किलोग्राम वाला मंगल ब्रांड तेल का टिन 2475 रुपये में बिक रहा था, जो बढ़कर 2800 रुपये हुआ और अब 2940 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. वहीं कलश मार्का तेल का टिन 2960 रुपये प्रति 15 किलोग्राम बिक रहा है.
रिफाइंड पाम तेल की दरें पिछले दो महीने से 2350 से 2450 रुपये प्रति 13 लीटर के दायरे में बनी हुई हैं, जबकि 15 किलोग्राम वाला वनस्पति घी का जार 2480 रुपये में मिल रहा है.
शादी-ब्याह के सीजन में और बढ़ सकते हैं दाम: कारोबारी
स्थानीय थोक व खुदरा व्यापारियों का कहना है कि आगामी वैवाहिक लग्न और त्योहारी मांग को देखते हुए मंडियों में हलचल और तेज हो सकती है.
आपूर्ति की स्थिति और बाहरी मंडियों से आवक पर निर्भर करेगा कि कीमतें किस दिशा में जाएंगी, हालांकि व्यापारियों का अनुमान है कि मांग का दबाव बढ़ने पर विशेष खाद्य उत्पादों और प्रीमियम जिंसों के दामों में और इजाफा देखने को मिल सकता है.
