Bhagalpur News. भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन के पहले चरण का टेंडर 28 अप्रैल को खुलेगा

भागलपुर हंसडीहा फोरलेन.

-863 करोड़ रुपये खर्च राशि से बनेगी सड़क

भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन परियोजना के तहत ढाका मोड़ से भलजोर के बीच बनने वाली सड़क के लिए 28 अप्रैल को टेंडर खोला जायेगा. तकनीकी बिड में चयनित एजेंसियों के सफल होने के बाद उनका वित्तीय बिड खोला जायेगा. इस हिस्से के निर्माण पर करीब 863 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. लंबे समय से लंबित इस परियोजना को अब गति मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है.

अलीगंज बाइपास-ढाकामोड़ खंड के लिए मंत्रालय से मंजूरी का इंतजार

परियोजना के दूसरे हिस्से अलीगंज बाइपास से ढाका मोड़ तक बनने वाली सड़क के टेंडर को मंजूरी के लिए मंत्रालय भेजा गया है. मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही इस खंड के लिए भी निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. अधिकारियों के अनुसार दोनों हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की योजना है.

भू-अर्जन की वजह से बदला डिजाइन, सर्विस रोड होगी संकरी

भू-अर्जन में आ रही दिक्कतों के कारण पहले कई बार टेंडर की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी. अब जिन स्थानों पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां फोरलेन के साथ बनने वाली सर्विस रोड की चौड़ाई 7 मीटर के बजाय 5.5 मीटर रखी जायेगी. हालांकि, परियोजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी गयी है और सड़क निर्माण में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है.

मंत्रालय की मंजूरी के बाद तेज होगी प्रक्रिया

एनएच के मुख्य अभियंता ने बताया कि अलीगंज बाइपास-ढाकामोड़ खंड के लिए मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही टेंडर जारी किया जायेगा. परियोजना पूरी होने के बाद इस रूट पर यातायात सुगम होने के साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kali kinker mishra

काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >