भागलपुर में बाढ़ के बीच चापाकल बना जानलेवा, करंट लगने से 16 वर्षीय रोहित की मौत

भागलपुर के फतेहपुर गांव में बाढ़ का पानी फैला हुआ है. चापाकल पर पानी लेने गए 16 वर्षीय रोहित की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है.

Flood Electricity Accident Bhagalpur: भागलपुर, सुलतानगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बाढ़ के बीच मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. पानी पीने के लिए चापाकल पर पहुंचे 16 वर्षीय किशोर रोहित कुमार की करंट लगने से मौत हो गयी. बताया गया कि चापाकल के पास ही बिजली का पोल लगा हुआ था. चापाकल छूते ही रोहित करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान जेएलएनएमसीएच मायागंज में उसकी मौत हो गयी.

मृतक फतेहपुर निवासी भारद्वाज मंडल का पुत्र था. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. बाढ़ प्रभावित गांव में हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है.

पानी पीने गया था रोहित, चापाकल छूते ही लगा करंट

ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों फतेहपुर गांव में बाढ़ का पानी फैला हुआ है. कई जगहों पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है.

इसी दौरान रोहित पानी पीने के लिए गांव में लगे एक चापाकल के पास पहुंचा. ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार चापाकल के पास बिजली का पोल लगा हुआ था और पोल में करंट था. जैसे ही रोहित ने चापाकल को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गया.

करंट लगने के बाद रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन आनन-फानन में उसे सुलतानगंज सीएचसी लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया.

मायागंज में इलाज के दौरान हुई मौत

सुलतानगंज से रेफर किये जाने के बाद रोहित को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही. इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गयी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद बरारी थाना पुलिस मायागंज अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. मृतक के बड़े भाई रितिक रॉयल ने पुलिस को घटना के संबंध में बयान दिया है.

बाढ़ के बीच बिजली सुरक्षा पर उठे सवाल

रोहित की मौत के बाद फतेहपुर के ग्रामीणों में बाढ़ के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर बाढ़ का पानी जमा है और ऐसे में बिजली के पोल, चापाकल तथा आसपास के अन्य स्थानों की सुरक्षा जांच बेहद जरूरी है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली के पोल और चापाकल समेत ऐसे सभी स्थानों की जांच कराने की मांग की है, जहां पानी और बिजली के संपर्क में आने का खतरा हो सकता है.

Flood Electricity Accident Bhagalpur: आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मायागंज अस्पताल पहुंचे फतेहपुर के ग्रामीणों ने बताया कि रोहित का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है. महज 16 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को समुचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में संभावित विद्युत हादसों को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय करने की मांग भी की है.

Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा

Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >