भागलपुर: राघोपुर नाव हादसे में DM अलंकृता पांडे का बड़ा एक्शन! ठेकेदारों पर FIR का आदेश, फ्लड फाइटिंग में नाव के इस्तेमाल पर रोक

भागलपुर के राघोपुर में गंगा नदी में फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलट गई. जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कटावरोधी कार्य में नावों के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया है. मजदूरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अब सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टरों का उपयोग किया जाएगा.

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत राघोपुर में गंगा के कटाव स्थल पर फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव डूबने की घटना को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है. हादसे के तुरंत बाद भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पांडे ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संवेदकों (ठेकेदारों) व वेंडर्स के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया है. इसके साथ ही प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए कटावरोधी कार्य में नावों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी है. अब सामग्री पहुंचाने के लिए ट्रैक्टरों का सहारा लिया जाएगा.

नदी के भंवर में फंसी नाव, 19 सुरक्षित निकाले गए और 2 की तलाश जारी

गंगा की तेज धार और भंवर के कारण यह भयानक हादसा हुआ:

  • 21 लोग थे सवार: डीएम के अनुसार, फ्लड फाइटिंग के दौरान नाव पर कुल 21 मजदूर सवार थे. नदी में बने अचानक भंवर में फंसने से नाव अनियंत्रित होकर पलट गई.
  • 19 को SDRF ने बचाया: मौके पर मौजूद राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 19 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया.
  • लापता की तलाश: हादसे के बाद से बादल मंडल (35 वर्ष, निवासी: खरीक लोदीपुर) और सिकंदर मंडल (निवासी: करारी तीनटंगा) अभी भी लापता हैं. वहीं सिमरिया निवासी कारे मंडल (45 वर्ष) का नाम भी सामने आया है. SDRF की मोटरबोट्स लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

सुरक्षित निकाले गए मजदूरों के नाम

रेस्क्यू किए गए मजदूरों में मुख्य रूप से वेदानंद कुमार, अभिनंदन कुमार, पवन कुमार, नीतीश कुमार, फुचो कुमार, लक्ष्मण कुमार, रुदल कुमार, अशोक कुमार, मंचन कुमार, श्रवण कुमार, नीरज कुमार, मनीष कुमार, बटेश्वर कुमार, धारों कुमार, बबलू कुमार, छविलाल कुमार और अंग्रेज कुमार शामिल हैं.

लाइफ जैकेट न पहनाने पर DM सख्त, FIR के आदेश

मजदूरों की जान जोखिम में डालने को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है:

  • सुरक्षा मानकों का उल्लंघन: डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि फ्लड फाइटिंग में लगे प्रत्येक मजदूर को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाने का पूर्व में ही कड़ा आदेश था. ठेकेदारों द्वारा इसका अनुपालन न करना अक्षम्य लापरवाही है.
  • नाबालिगों के काम करने पर रोक: डीएम ने साफ निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में 18 वर्ष से कम उम्र के किशोरों को इस संवेदनशील व जोखिम भरे काम में नहीं लगाया जाएगा.

नाव पर पाबंदी, अब ट्रैक्टर से पहुंचेंगे जियो बैग

हादसे के बाद बचाव कार्य की रणनीति में तुरंत बदलाव किया गया है:

  • ट्रैक्टर का होगा इस्तेमाल: कटाव स्थल तक जियो बैग व अन्य बोल्डर पहुंचाने के लिए अब नाव के बजाय केवल ट्रैक्टर का उपयोग किया जाएगा.
  • युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग: गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल पर बना हुआ है, इसलिए अभियंताओं को सुरक्षा मानकों का 100% पालन करते हुए कटावरोधी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है ताकि तटबंध को बचाया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >