टीएमबीयू के पीजी अंगिका विभाग में नया विभागाध्यक्ष बनाये जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है. छात्र राजद सहित विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी नये हेड को लेकर विरोध दर्ज कराया है. छात्र राजद के विवि अध्यक्ष लालू यादव ने बयान जारी कर विवि प्रशासन पर मिलीभगत से वरीयता को दरकिनार करने का आराेप लगाया है. छात्र नेता ने कहा कि विभाग के वरीय शिक्षक डॉ गौतम कुमार यादव को विभागाध्यक्ष बनाने के बजाय विभाग की कनीय शिक्षिका को विभागाध्यक्ष बनाये जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी है. छात्र नेता लालू यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सारे नियम, कानून को ताक पर रख कर कनीय शिक्षिका को विभागाध्यक्ष बनाया गया है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण व निंदनीय है. उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष के चयन में वरीयता को दरकिनार कर कनीय शिक्षिका को विभागाध्यक्ष बनाये जाने से प्रतीत होता है कि कार्रवाई पूरी तरह से जातिवादी मानसिकता से प्रेरित होकर किया गया है. विवि प्रशासन से मांग कि है की विभाग के वरीय शिक्षक डॉ गौतम कुमार यादव को विभागाध्यक्ष नियुक्त करे अन्यथा छात्र राजद उग्र आंदोलन करेगा.
रजिस्ट्रार को दिया आवेदन –
अंगिका विभाग के विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रार को आवेदन देकर कहा कि वरीयता के आधार पर विभाग के शिक्षक डॉ गौतम कुमार यादव काे विभागाध्यक्ष बनाया जाये. विद्यार्थियों ने कहा कि डॉ गौतम कुमार यादव अंगिका विषय से पीएचडी हैं. जबकि डॉ शोभा कुमारी ने हिंदी से पीएचडी किया है. नियम-परिनियम से उलट जाकर विवि ने डॉ शोभा कुमारी को हेड बनाया. ऐसे में विभाग के विद्यार्थी छात्र संगठनों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे. इसकी जवाबदेही विवि प्रशासन की होगी.
