नवगछिया पुलिस ने घटना के एक घंटे में हथियार व गोली के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित झंडापुर थाना हरिओ का वाल्मिकी कुमार उर्फ रोहित है. नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि 31 दिसंबर की रात नौ बजे झंडापुर थाना को सूचना मिली कि बिहपुर चौक हरिओ ग्रामीण सड़क पर एक महिला को गोली मार कर जख्मी कर दिया गया है. सूचना मिलते ही झंडापुर थाना टीम घटना स्थल पर पहुंची व जख्मी महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जख्मी महिला रंगरा थाना भवानीपुर की रानी देवी है. घटना की सूचना पर तत्काल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया भी घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया तथा एफएसएल टीम से घटनास्थल से साक्ष्य संकलन करवाया. कांड के उद्भेदन व संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी नवगछिया के निर्देशानुसार थानाध्यक्ष झंडापुर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने एक घंटे में अपराधी वाल्मिकी कुमार उर्फ रोहित को घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार व 12 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर घटना का कारण आपसी विवाद बताया है. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.
26 बोतल विदेशी शराब बरामद, कारोबारी फरार
सुलतानगंज पुलिस ने गुप्त सूचना पर मिर्जागांव मुहल्ले में छापेमारी कर 26 बोतल विदेशी शराब बरामद की है. प्रत्येक बोतल 375 एमएल की बतायी जा रही है. शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा कारोबारी पुलिस की कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया. फरार कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इधर बुधवार की देर रात सुलतानगंज थाना पुलिस ने नशे की हालत में हंगामा कर रहे तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया. बाथ थाना पुलिस ने भी हंगामा कर रहे एक शराबी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध कारोबार और नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
