bhagalpur news. कड़ी सुरक्षा में आवारतनपुर पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, दीपक कुमार झा अध्यक्ष निर्वाचित

सुलतानगंज प्रखंड के खानपुर पंचायत स्थित आवा रतनपुर पैक्स चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया

सुलतानगंज प्रखंड के खानपुर पंचायत स्थित आवा रतनपुर पैक्स चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही. जानकारी के अनुसार कुल 1259 मतदाताओं में से 597 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल 47.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मतदान की प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से कराई गई. पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद तथा सामान्य सदस्य पद के लिए मतदान हुआ. अध्यक्ष पद के लिए दो दावेदार, जबकि सामान्य सदस्य पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे, जिस कारण चुनाव कराया गया. चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. मतदान केंद्र पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे दिन माहौल शांतिपूर्ण बना रहा.

सुलतानगंज प्रखंड के खानपुर पंचायत अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) आवा रतनपुर के अध्यक्ष पद पर दीपक कुमार झा को निर्वाचित घोषित किया गया. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी धर्मेंद्र सिंह को बड़े अंतर से पराजित किया. चुनाव परिणाम के अनुसार दीपक कुमार झा को 423 मत प्राप्त हुए, जबकि धर्मेंद्र सिंह को 156 मतों से संतोष करना पड़ा. सहायक निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि चुनाव में कुल 18 मत रद्द किए गए.

प्रबंध समिति के सदस्य भी घोषित

पैक्स चुनाव में प्रबंध समिति सदस्य पद के लिए हुए मतदान में विमल चंद्र चौधरी को 438 मत, राकेश सिंह को 437 मत, नीरज कुमार सिंह को 351 मत प्राप्त हुए और वे विजयी घोषित किए गए. वहीं शैलेंद्र कुमार झा को 317 मत मिले, लेकिन वे चुनाव जीतने में सफल नहीं हो सके.

देर शाम पूरी हुई मतगणना

देर शाम मतगणना कार्य संपन्न होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार ने सभी विजयी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की तथा उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया. मतगणना के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. चुनाव प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में कार्यपालक अभियंता, पीएचइडी बांका संतोष सिंह मौजूद थे. चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >