Bhagalpur News. मुस्कान की मौत मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज, पति, सास, ससुर समेत आठ नामजद

मुस्कान की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज.

– पिता ने लगाया आरोप, दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित, कर दी हत्या- सउदी अरब से पहुंचा पति, देर रात हिरासत में लेकर बरारी थाना पुलिस कर रही पूछताछकुप्पाघाट के मुस्तफापुर में मो इम्तेजायुल हक की पत्नी मुस्कान परवीन (26) की मौत मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मृतका के पिता खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र के मानसी खुटिया चकहुसैनी गांव के निवासी व वर्तमान में कोलकाता में रहने वाले मो शमीम ने मुस्कान के पति समेत ससुराल वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में पति इम्तेयाजुल हक, ससुर सम्सुल हक, सास जोहरा बेगम, भैसुर मो हसनैन, मो चुन्ना, ननद परवीन, साबरीन, रजिया को नामजद किया गया है. मृतका का पति घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार की दोपहर तक भागलपुर पहुंच गये थे. देर शाम मुस्कान को भीखनपुर कब्रिस्तान में दफनाया गया, जिसके बाद बरारी थाना पुलिस ने पति समेत अन्य लोगों को थाने पर ले जा कर पूछताछ की.

परिजनों ने कहा, गला दबा कर की गयी है हत्या

परिजनों ने बताया कि मुस्कान की हत्या गला दबा कर की गयी है. उसके गले के निशान से यह प्रतीत होता है. यह भी कहा कि पंखे को देखकर लग नहीं रहा था कि उससे कोई झूल गया होगा. पंखे के पास कथित फंदे के लिए उपयोग की गयी साड़ी को भी पंखे में व्यवस्थित तरीके से रखा गया था. परिजनों ने यहां तक कहा कि मुस्कान का एक हाथ टूटा हुआ था.

रविवार की रात्रि 11 बजे परिजनों से बात की थी बात

मुस्कान के मामा, भाई, पिता ने बताया कि विगत तीन दिनों से मुस्कान को काफी प्रताड़ित किया जा रहा था. रविवार की रात को मुस्कान उनलोगों के साथ काफ्रेंस कॉल पर थी. मुस्कान की मौत के बाद जब लोगों ने उसके व्हाॅटस एप स्टेटस को देखा तो उसकी आखें नम हो गयी. घटना के कुछ देर पहले सुबह नौ बजे मुस्कान ने एक गाने का स्टेटस लगाया था. स्टेटस में एक गाने की रील है. गाने के बोल हैं, ए प्यारी अम्मी देखिये, मैं अश्कबाग हूं. रील पर लिखा था आई मिस यू मॉम, जिंदगी में सब बदल जाता है, पर मां जैसी मोहब्बत न कभी थी, न कभी होगी…जबकि रविवार की मध्यरात्रि में मुस्कान ने एक मॉटिवेशन स्टेटस लगाया था. जिसका सार था, मुझे नहीं चाहिए ज्यादा लोग. जिनको मेरी कद्र नहीं, वह जा सकते हैं मेरी जिंदगी से. मेरी जिंदगी में दो चार लोग ही रहें तो उनता ही काफी है.

दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित

परिजनों ने बताया कि मनोनुकूल दहेज नहीं मिलने पर मुस्कान को प्रताड़ित किया जाता था. उसकी शादी 2013 में तारापुर में हुई थी. शादी के समय ढ़ाई लाख का उपहार भी दिया गया था. प्रताड़ना से आजिज हो कर जब मुस्कान ने शिकायत की तो परिजनों ने ससुराल वालों को 50 हजार रुपया भी दिया था. इसके बाद भी उसे प्रताड़ित किया जाता था. मुस्कान का सारा गहना उसकी ननदों को दिलवा दिया गया था. उसे कहा जाता था कि खगड़िया स्थित मायके वाली जमीन में अपना हिस्सा ले कर आओ, हिस्सा नहीं लोगी तो तुम्हारी हत्या कर इम्तेयाजुल की दूसरी शादी करवा देंगे. पिछले वर्ष भी उसके साथ मारपीट की गयी थी. परिजनों ने कहा कि विवाद के बाद वे लोग भागलपुर आ ही रहे थे कि उसकी हत्या कर दिये जाने की सूचना मिली. परिजनों ने प्राताड़ना से संबंधित कई तरह के साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >