Bhagalpur भोपाल में लड़की को बेच कर करा दी गयी थी शादी, दो आरोपी गिरफ्तार

जोगसर थाना क्षेत्र से अपहृत एक नाबालिग लड़की को भागलपुर पुलिस ने भोपाल से बरामद कर लिया है.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट Bhagalpur News : जोगसर थाना क्षेत्र से अपहृत एक नाबालिग लड़की को भागलपुर पुलिस ने भोपाल से बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को जोगसर थाना क्षेत्र के नाथनगर इलाके से हरिराम दास की नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार को मिली थी. इस संबंध में जोगसर थाना कांड संख्या 328/25, 22 दिसंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. मामले के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र सिंह के निगरानी में तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-एक अजय कुमार चौधरी, जोगसर थाना और डीआईयू टीम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.

फर्जी आधार कार्ड से मिला सुराग

अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अप्रैल 2026 में अपहृता के नाम से एक नया आधार कार्ड बनाया गया है, जिसमें उसे बालिग दिखाते हुए उम्र 21 वर्ष कर दी गई थी और उसमें विवाह संबंधी फोटो भी लगाया गया था. यह आधार कार्ड उसके पैतृक घर के पते पर डाक के माध्यम से पहुंचा था. आधार कार्ड में अंकित मोबाइल नंबर के सत्यापन से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला.

मोबाइल नंबर के आधार पर भोपाल पहुंची पुलिस

मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस भोपाल पहुंची, जहां सोनू जैन (पिता– स्व नरेंद्र कुमार जैन, साकिन– गरेठिया दांगी, थाना– बैरसिया, जिला– भोपाल) के घर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया गया. वहीं से अपहृत लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया.

शादी के नाम पर खरीद-फरोख्त का खुलासा

पुलिस जांच में यह सामने आया कि लड़की की खरीद-फरोख्त कर उसकी शादी कराने की साजिश रची गई थी. इस कड़ी में बिचौलिया के रूप में काम करने वाले आर्य समाज के आचार्य कमल किशोर शास्त्री (पिता– स्व बलेश्वर प्रसाद, साकिन– आर्य समाज मंदिर, बैरसिया, जिला– भोपाल) को भी गिरफ्तार किया गया है.

दिल्ली होते हुए भोपाल ले जाई गयी थी लड़की

पूछताछ में पता चला कि अपहृता को ट्रेन से एक अज्ञात महिला-पुरुष द्वारा पहले दिल्ली ले जाया गया, जहां कुछ दिनों तक रखने के बाद उसे भोपाल लाकर दोनों आरोपियों को ढाई लाख रुपये में बेच दिया गया.

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

इस मामले में जोगसर थाना पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MD. TAZIM

MD. TAZIM is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >