कहलगांव (कहलगांव). प्रखंड के ग्राम पंचायत सियाँ अंतर्गत मध्य विद्यालय हरचंदपुर का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. छत से प्लास्टर के टुकड़े रोज गिर रहे हैं. कई कक्षाओं में सरिए बाहर निकल आए हैं और दीवारों में मोटी-मोटी दरारें पड़ गई हैं.इसके बावजूद 300 से अधिक बच्चे इसी खतरनाक भवन में पढ़ने को मजबूर हैं. अभिभावकों में दहशत है कि कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
ग्रामीण ने बीईओ लिखा पत्र मांगी मदद
ग्रामीण अमल कुमार गुड्डू ने सोमवार को बीईओ अमित राज को लिखित आवेदन सौंपकर तत्काल मरम्मत की मांग की. उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक द्वारा कई बार लिखित और मौखिक सूचना देने के बाद भी विभाग उदासीन है.उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो अभिभावक एवं ग्रामीण सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे.
बीईओ ने डीईओ को भेजी रिपोर्ट
वहीं बीईओ अमित राज ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है. 2-3 दिन में टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा. बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. आवश्यकता पड़ी तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी.
