नासिक में प्याज की नयी फसल खराब होने पर भागलपुर में 100 रुपये किलो तक बिका था, अब घट कर 60 रुपये किलो तक पहुंचा
भागलपुर : राजस्थान अलवर से भागलपुर की मंडी में प्याज की आवक शुरू हो गयी है. इसके बाद से प्याज की कीमत में सुधार देखने को मिल रहा है. जो प्याज खुदरा में 100 रुपये किलो तक बिक रहे थे, वह अब 60 रुपये किलो पर पहुंच गया है. हालांकि कुछ जगहों पर अभी महंगा भी प्याज बिक रहा है.
भागलपुर में प्याज की थोक मंडी मिनी मार्केट में नासिक के अलावा अलवर से प्याज आना शुरू हो गया है. नासिक का प्याज थोक में 60 रुपये किलो, जबकि अलवर का प्याज उसी गुणवत्ता में होने के बावजूद 50 रुपये तक उपलब्ध है. इसके अलावा लोकल प्याज 40 रुपये किलो तक मिल रहे हैं.
इससे खुदरा बाजार में प्याज की कीमत गिरकर 50 से 60 रुपये किलो पर पहुंच गया. थोक प्याज कारोबारी गुड्डू ने बताया कि अभी अलवर से चार ट्रक प्याज पहुंचा है. धीरे-धीरे प्याज की कीमत में और गिरावट की संभावना है. वहीं खुदरा सब्जी दुकानदार सरस्वती देवी ने बताया कि प्याज की कीमत गिरने से बिक्री बढ़ी है.
पहले बहुत जरूरी होने पर ही प्याज की खरीदारी करते थे. फिर भी प्याज की बिक्री पहले से 50 फीसदी तक घट गयी है. जो लोग सप्ताह में चार से पांच किलो प्याज खरीदते थे, वही अब एक किलो से काम चला रहे हैं. नासिक में प्याज की नयी फसल खराब होने पर भागलपुर में 100 रुपये किलो तक बिका था, अब घट कर 60 रुपये किलो तक पहुंचा
