चिकेन पर भारी लहसुन, अदरक प्याज भी लाल, लोग हुए बेहाल

भागलपुर : एक ओर जहां दो माह से साग-सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ठंड की आहट के साथ ही लहसुन, अदरक और प्याज की कीमत दोगुनी हो गयी. इतना ही नहीं अभी खुदरा बाजार में चिकेन पर लहसुन और अदरक भारी हो गया है. हालांकि चिकेन की कीमत में भी […]

भागलपुर : एक ओर जहां दो माह से साग-सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ठंड की आहट के साथ ही लहसुन, अदरक और प्याज की कीमत दोगुनी हो गयी. इतना ही नहीं अभी खुदरा बाजार में चिकेन पर लहसुन और अदरक भारी हो गया है. हालांकि चिकेन की कीमत में भी आंशिक रूप से वृद्धि हुई है.

सब्जियों की कीमत बढ़ने से खास तौर पर गरीब, मध्यम व निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट का बंटाधार हो गया है. बाजार में इन दिनों आम सब्जियों के दाम औसतन 30 से रुपये प्रति किलो के ऊपर चला गया है. यह स्थिति करीब दो महीने से बनी हुई है. बारिश प्रारंभ होने के बाद से ही सब्जियों की कीमत में बेतहाशा वृद्धि शुरू हो गयी थी.
आदमपुर की रुक्मिणी देवी ने बताया कि उनके घर में बेसन बड़ी, अदौरी, पनीर, कच्चू के पत्तों जैसी सब्जियों की खपत बढ़ गयी है. वहीं कुछ सामिष लोगों ने तो यह भी कहा कि सब्जियों के दाम में उछाल आने के बाद उनके घरों में अंडे व चिकन आदि का इस्तेमाल अधिक हो रहे हैं.
लोहिया पुल के नीचे सब्जी मंडी कारोबारी मुन्ना ने बताया कि यहां लहसुन 140 से 180 रुपये किलो तक और अदरक 80 से 100 रुपये किलो तक बिक रहे हैं. जबकि आदमपुर सब्जी मंडी में 150 रुपये किलो अदरक और 250 से 300 रुपये किलो तक लहसुन बिक रहे हैं. वहीं अभी खड़ा चिकेन की कीमत 120-125 से बढ़कर 130 रुपये किलो पर पहुंच गया है.
सभी सब्जी मंडी पर भारी है आदमपुर
शहर की मुख्य सब्जी मंडी तिलकामांझी हटिया, उल्टा पुल हटिया एवं मिरजानहाट में लगभग एक कीमत है, जबकि आदमपुर सब्जी मंडी में सभी सब्जी की कीमत प्रति किलो में 10 से 20 रुपये किलो तक अधिक है. सभी सब्जी मंडी में टमाटर 50 से 60 रुपये किलो, शिमला 80 रुपये किलो, हरी मिर्च 40 से 50 रुपये किलो, पत्ता गोभी 40 रुपये किलो, परवल 40 रुपये किलो है, लेकिन आदमपुर सब्जी मंडी में परवल 60 रुपये किलो, टमाटर 70 रुपये किलो, हरी मिर्च 60, शिमला 100 रुपये किलो के भाव बिक रहा है.
खुदरा बाजार में दोगुनी कीमत पर बिक रहा प्याज
थोक प्याज कारोबारी गुड्डू ने बताया कि नासिक व लासलगांव में प्याज की नयी फसल खराब हो गयी. इससे प्याज की कीमत घटने के बाद एक बार फिर बढ़ गयी. एक सप्ताह बाद राजस्थान अलवर से प्याज की नयी खेप भागलपुर पहुंचेगी. इससे प्याज की कीमत में आंशिक कमी आयेगी. अभी थोक मंडी में 40 से 55 रुपये किलो तक प्याज की कीमत हो गयी है. इसके विपरीत खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 80 रुपये किलो तक पहुंच गयी है. सामान्य मंडी में प्याज खुदरा में 60 से 80 रुपये किलो तक बिक रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >