पटना के रास्ते चली ट्रेनें
भागलपुर : मालदा डिवीजन की सभी ट्रेनें सोमवार को पटना होकर चली. साहिबगंज-किऊल रेल रूट पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन हुआ. यात्रियों को बड़ी राहत मिली. डिब्रूगढ़ से चलकर दिल्ली जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल, विक्रमशिला एक्सप्रेस सहित सभी एक्सप्रेस डायवर्ट रूट किऊल-गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय होकर दो दिनों से चल रही थी, जिससे पटना जाने वाले यात्रियों को किऊल में ट्रेन बदलना पड़ रहा था.
दानापुर व पटना-मालदा इंटरसिटी रही रद्द : भागलपुर से पटना जाने वाली दानापुर इंटर सिटी सोमवार को अप व डाउन में नहीं चली. वहीं, पटना-मालदा इंटरसिटी रद्द रही.
आज भी कानपुर तक ही जायेगी फरक्का एक्सप्रेस : भागलपुर के रास्ते मालदा से दिल्ली जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस मंगलवार को कानपुर से ही लौट जायेगी. इस ट्रेन को कानपुर सेंट्रल-दिल्ली के बीच रद्द कर दिया गया है.
पटना हाेकर ट्रेनों को चलने का यह भी हो सकता एक कारण : किऊल-गया रेल लाइन के कुरौता स्टेशन के पास सोमवार की सुबह भैंस की चपेट में आने से 63317 अप इएमयू डिरेल हो गयी. इस वजह से किऊल-गया रेलमार्ग से ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है. मालदा डिवीजन की ट्रेनों को पटना होकर चलाने का एक कारण किऊल-गया रेलमार्ग पर परिचालन ठप रहना हो सकता है. दरअसल, पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर डिवीजन के पटना स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर पानी आने से सभी ट्रेनों का रूट डायवर्ट किऊल-गया रेलमार्ग पर कर दिया गया था.
