बिहार में गंगा का कहर: सुलतानगंज में बाढ़ की स्थिति हुई भयावह, कई गांव जलमग्न

सुलतानगंज : प्रखंड के दो दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं. शनिवार को कई नये इलाके में पानी प्रवेश कर गया है. लोग स्कूलों और सड़कों पर शरण ले रहे हैं. शनिवार को बीडीओ प्रभात रंजन ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने बताया कि प्रखंड के गनगनिया, महेशी, तिलकपुर, अबजूगंज, […]

सुलतानगंज : प्रखंड के दो दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं. शनिवार को कई नये इलाके में पानी प्रवेश कर गया है. लोग स्कूलों और सड़कों पर शरण ले रहे हैं. शनिवार को बीडीओ प्रभात रंजन ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने बताया कि प्रखंड के गनगनिया, महेशी, तिलकपुर, अबजूगंज, ईं चिचरौन, अकबरनगर, किसनपुर, खेरैहिया के कई गांवों में पानी घुस गया है. प्रभावित लोगों को ऊंचे स्थान पर जाने का निर्देश दिया गया है. गनगनिया पंचायत के वार्ड 4, 6 व 8 बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हैं. घोरघट के अल्पसंख्यक मोहल्ले में भी पानी प्रवेश कर गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. कई जगहों पर सड़कें भी डूब गयी हैं. प्रावि कल्याणपुर नवटोलिया में पानी आ जाने से इसे बंद कर दिया गया है. स्कूल में होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षा भी स्थगित कर दी गयी है.

एनएच 80 से किसनपुर गांव का संपर्क भंग: अकबरनगर के किसनपुर गांव जाने वाली सड़क पर भी पानी बह रहा है. एनएच 80 से गांव जाने वाली सड़क के नव निर्मित पुलिया पूरी तरह डूब गयी है. शनिवार को गांव से एनएच 80 का संपर्क भंग हो गया. गांव के लोग मुख्य सड़क पर पानी में तैर कर आ-जा रहे हैं. पुलिया के पास चार फीट से अधिक पानी है. ग्रामीणों ने सीओ से पुलिया पार करने के लिए नाव की मांग की है. महेशी पंचायत के कल्याणपुर, मोतीचक, पुरानी मोतीचक, नवटोलिया आदि गांवों में भी पानी आ गया है. लोग घरों को खाली कर रहे हैं.
मदरौनी, कौशकीपुर, सहौड़ा व सधुआ चापर की सड़कों पर चार फीट पानी, 25 हजार की आबादी प्रभावित
मदरौनी, कौशकीपुर सहौरा एवं सधुआ चापर पंचायत की सड़कों पर 4 फीट से भी ऊपर पानी का वहाव हो रहा है. लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे हैं. लोग माल मवेशी व परिवार के साथ एनएच 31 व कटिहार-बरौनी रेलखंड के कटरिया व बनीकपुर स्टेशन पर शरण ले रहे हैं.

जहांगीरपुर वैसी में जमींदारी मटराहा बांध में हो रहा रिसाव: जहांगीरपुर वैसी स्थित जमींदारी मटराहा बांध पर साधोपुर गांव के समीप चार किलोमीटर के दायरे में बांध के ऊपर पानी बह रहा है. कब्रगाहा के पास बांध में रिसाव हो रहा. बलदेव यादव घर के समीप बांध कटाव के कगार पर है. मुखिया पति संजय मंडल ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को इसकी सूचना दी गयी है. उधर तिनटंगा दियारा उत्तर एवं तिनटंगा दियारा दक्षिण पंचायत में भी गंगा का कटाव जारी है. मदरौनी पंचायत के मुखिया अजीत कुमार मुन्ना व कौसकीपुर सहौरा पंचायत के मुखिया सविता देवी ने बाढ़ राहत सामग्री के साथ-साथ लोगों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था करने की मांग की है.

कहते हैं सीओ : रंगरा के सीओ जितेंद्र कुमार राम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों का मुआयना किया जा रहा है. संबंधित राजस्व कर्मचारी को सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची बनाने का निर्देश दे दिया गया है. सूची प्राप्त होते ही जिले से बाढ़ राहत सामग्री एवं राशि मिलने के बाद प्रभावित परिवारों को अविलंब सहायता प्रदान की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >