भागलपुर : भागलपुर सहित समीप के जिले में लगनेवाले महाजाम का मामला पटना तक पहुंच गया है. इसको लेकर मुख्य सचिव चार जनवरी को चार जिलों के जिलाधिकारी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करेंगे. इस दौरान वर्तमान हालात और उठाये गये कदमों पर चर्चा होगी. फरक्का में पुल मरम्मत के कारण ट्रकों की आवाजाही भागलपुर से होने लगी है.
इस कारण अचानक ट्रकों का दबाव रूट पर बढ़ गया. वर्तमान में विक्रमशिला सेतु पर 25 टन के भार क्षमता से अधिक के मालवाहक ट्रक गुजर रहे हैं, जो कि चिंता का विषय है. जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा कि महाजाम को लेकर हरसंभव प्रयास किये गये और पुलिस नियंत्रण में ट्रकों को गुजार रहे हैं.
इसके बावजूद शहर से होकर ट्रकों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक है. फरक्का में पुल मरम्मत को देखते हुए ट्रकों की संख्या बढ़ी है. इन तमाम मुद्दों पर चार जनवरी को अहम वीडियो कांफ्रेंसिंग है. इसमें चार जिले भागलपुर के अलावा कटिहार, खगड़िया व फरक्का शामिल होंगे.
चार जनवरी को मसाढू पुल तोड़ने का दिन भी होगा तय
चार जनवरी को मसाढू पुल के तोड़ने का दिन भी तय होगा. पुल को तोड़ने का दिन तय करने के लिए एनएच ने पिछले दिनों डीएम के पास पत्र भेजा था. पुल के तोड़ने को लेकर संबंधित सड़क पर ट्रैफिक की आवाजाही को तीन दिनों तक बंद करने का अनुरोध किया गया है. डीएम प्रणव कुमार ने कहा कि चार जनवरी को ट्रैफिक रोकने की तिथि तय हो जायेगी.
